- दिल्ली के रूप नगर इलाके में नाले के ऊपर बना लोहे का पुल गिरने से एक महिला की मौत हो गई है
- महिला के नाले में गिरने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसकी तलाश शुरू की थी
- राहत और बचाव दलों ने महिला को बचाने की पूरी कोशिश की, काफी देर बाद महिला का शव नाले से बरामद कर लिया गया.
दिल्ली के रूप नगर इलाके में एक उफनते हुए नाले के ऊपर बना 60 फुट लंबा लोहे का पुल गिरने से हादसा हो गया है. नाले पर पुल गिरने से एक 50 साल की महिला भिखारी की नाले के अंदर गिरकर मौत हो गई. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, उसका शव भी बरामद कर लिया गया है. महिला के नाले में गिरते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी. काफी देर तक उसका कुछ भी पता नहीं चल सका था. अब उसका शव बरामद कर लिया गया है. बता दें कि नाले के ऊपर बने इस लोहे के पुल का इस्तेमाल लोग पैदल चलने के लिए करते थे.
गिरे हुए पुल की तस्वीरें और वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि नाला बहुत ही बड़ा है और उसके पानी का बहाव बहुत ही तेज है. नाले में गिरी महिला को सही सलामत बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव दलों ने पूरी कोशिश की, लेकिन उसको बचाया नहीं जा सका.
सुबह 9.30 बजे मिली थी ओवरब्रिज' के ढहने की सूचना
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि उसे सुबह करीब 9:30 बजे ‘ओवरब्रिज' के ढहने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल कर्मियों की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. डीएफएस अधिकारियों ने बताया कि घटना के वक्त ‘फुट ओवरब्रिज' पर एक महिला थी, जो नीचे नाले में गिर गई. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली पुलिस और अन्य आपातकाल एजेंसियों के कर्मियों सहित बचाव दल को तुरंत उसकी तलाश में लगाया गया था. अधिकारियों ने आगे किसी भी घटना को रोकने और बचाव कार्यों को सुगम बनाने के मकसद से क्षेत्र में घेराबंदी की है.फुट ओवरब्रिज' के ढहने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और बचाव अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी.
जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर हुई थी युवक की मौत
दिल्ली में फरवरी में जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर एक युवक की मौत हो गई थी. मामला पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके के जोगिंदर सिंह मार्ग का था. दिल्ली जल बोर्ड द्वारा निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई थी. वह 12 घंटे तक गड्ढे में पड़ा रहा लेकिन किसी को इनकी भनक तक नहीं लगी थी.
हापुड़ के नाले में गिरा था बाइक सवार परिवार
ऐसा ही एक मामला पिछले दिनें यूपी के हापुड़ से भी सामने आया था. हापुड़ के पिलखुआ में नगर पालिका की बड़ी लापरवाही के चलते एक परिवार बाइक समेत नाले में गिर गया. बाइक में दो मासूम बच्चे भी थे. गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को बाहर निकाल लिया. ये पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.














