- नीदरलैंड्स ने नामीबिया को सात विकेट से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है.
- नीदरलैंड्स के बल्लेबाज बास डि लीडे ने नाबाद 72 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है.
- पाकिस्तान ग्रुप ए में तीसरे स्थान पर है और उसके सुपर-8 में पहुंचने का खतरा बढ़ गया है.
T20 World Cup 2026 Points Table Updated Group A: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मुकाबले में नीदरलैंड्स ने नामीबिया को 7 विकेट से हरा दिया. नीदलरैंड्स की इस जीत का सीधा नुकसान पाकिस्तान को हुआ है. नीदरलैंड्स अब जीत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि पाकिस्तान तीसरे स्थान पर खिसक गया है. नीदरलैंड्स को अब यूएसए और भारत के खिलाफ खेलना है. अगर हॉलैंड की टीम बचे दो मैचों में से एक भी जीत जाती है और पाकिस्तान को यूएसए और भारत के खिलाफ हार मिलती है तो पाकिस्तान के ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने का खतरा होगा.
ऐसा है समीकरण
नीदलैंड्स के अभी दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ 2 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +0.356 का है, जो पाकिस्तान से बेहतर है. नीदरलैंड्स ग्रुप ए में अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है. जबकि पाकिस्तान +0.240 के रन रेट के साथ एक जीत के साथ तीसरे स्थान पर है. वहीं टीम इंडिया ने यूएसए को हराकर अंक तालिका में टॉप पर अपनी जगह बरकरार रखी हुई है.
अगर यूएसए ने पाकिस्तान को मंगलवार को हरा दिया और फिर उसने अपने बचे बाकी मैचों में भी जीत दर्ज की तो वह सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लेगी. या फिर यूएसए पाकिस्तान को हरा दें और नीदरलैंड्स से हार जाए और पाकिस्तान फिर भारत से हार जाए तो ऐसी सूरत में पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाएगा.
नीदरलैंड्स ने 7 विकेट से जीता मैच
बास डि लीडे के 48 गेंद में नाबाद 72 रन और दो विकेट की मदद से नीदरलैंड ने टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के मैच में मंगलवार को नामीबिया को सात विकेट से हराया. टॉस जीतकर नामीबिया को बल्लेबाजी के लिये भेजने वाली नीदरलैंड की टीम ने अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर उसे आठ विकेट पर 156 रन पर रोक दिया.
डि लीडे ने तीन ओवर में 20 रन देकर और लोगान वान बीक ने तीन ओवर में 13 रन देकर दो दो विकेट लिये. जवाब में डि लीडे ने 48 गेंद में नाबाद 72 रन की पारी के दम पर नीदरलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाये. डि लीडे ने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े और कोलिन एकेरमैन (28 गेंद में 32 ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 70 रन की साझेदारी भी की. उन्हें हरफनमौला प्रदर्शन के लिये प्लेयर आफ द मैच चुना गया.
टी20 विश्व कप का अरूण जेटली स्टेडियम पर यह पहला मैच था लेकिन स्कूल की परीक्षा का समय और सप्ताह के बीच में होने से मैदान खाली ही पड़ा रहा. इसी मैदान पर 12 फरवरी को भारतीय टीम नामीबिया से खेलेगी. नीदरलैंड की शुरूआत हालांकि खराब रही थी और तीसरे ही ओवर मैक्स ओ डाउड (सात) को बर्नार्ड शोल्ज ने पवेलियन भेजा. माइकल लेविड भी 15 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो गए जिसके बाद डि लीडे और एकेरमैन ने टीम को जीत तक पहुंचाया.
इससे पहले नामीबिया के लिये लोफ्टी इटोन (38 गेंद में 42 रन ) और सलामी बल्लेबाज जान फ्रायलिंक (26 गेंद में 30 रन ) ने दूसरे विकेट के लिये 50 रन की साझेदारी की. इनके अलावा जेजे स्मिट ने 15 गेंद में 22 रन बनाये. वहीं नीदरलैंड के लिये डि लीडे के अलावा वान बीक ने तीन ओवर में 13 रन देकर दो और स्पिनर आर्यन दत्त ने तीन ओवर में 13 रन देकर एक विकेट चटकाया.
यह भी पढ़ें: PAK vs USA: नीदरलैंड से हारते-हारते बचा था पाकिस्तान, कहीं USA न कर दे उलटफेर
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के यू-टर्न मारने पर सौरव गांगुली के इस बयान से उड़ जाएगी पाकिस्तान की नींद














