UPSC सिविल सर्विस की तैयारी और लगातार दो बार फेल होने के बाद अगर किसी का क्रिकेट करियर भी तबाह हो जाए तो आप भी उसे हारा हुआ समझ लेंगे, कम उम्र में ही संदीप जांगला के साथ भी ऐसा ही हुआ. पहले उन्होंने यूपीएससी क्रैक करने के लिए तैयारी की, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद क्रिकेट में करियर लगातार आगे बढ़ रहा था, लेकिन किस्मत में कुछ और ही लिखा था. एक चोट के चलते उनका पूरा क्रिकेट करियर ही खत्म हो गया. लगातार दो हार के बाद भी संदीप ने हार नहीं मानी और आज वो 100 करोड़ से ज्यादा के मालिक हैं. उनकी कहानी तमाम एस्पिरेंट्स के लिए काफी इंस्पायरिंग है.
क्रिकेटर बनने का सपना हुआ चकनाचूर
संदीप जांगला को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का काफी शौक था. इसके लिए उन्होंने मेहनत की और साउथ जोन अंडर-19 टीम का हिस्सा भी बने. उन्होंने कई बड़े क्रिकेटर्स के साथ मैच खेले. क्रिकेट में उनका करियर लगातार आगे बढ़ रहा था, लेकिन अंगूठे की एक इंजरी की वजह से इस पर ब्रेक लग गया. इस दौरान संदीप इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी कर रहे थे. क्रिकेट करियर खत्म होने के बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और दो बार एग्जाम भी दिया, लेकिन पास नहीं हो पाए.

हार मानने की बजाय खुद का बिजनेस किया शुरू
संदीप जांगला ने हार नहीं मानी, उन्होंने स्टार्टअप शुरू करने का फैसला किया और अपना पहला काम शुरू किया. उन्होंने सरकारी स्कूलों के लिए रिसोर्स प्लानिंग सॉफ्टवेयर बनाने का काम किया, ये काम भी बढ़िया चला और फिर संदीप ने फिटनेस के फील्ड में काम करना शुरू कर दिया. दोनों ही बिजनेस को उन्होंने अच्छे प्रॉफिट के साथ चलाया और बाद में कंपनी बेचकर एग्जिट ले लिया.

फूड बिजनेस में किया कमाल
संदीप जांगला कुछ बड़ा और इनोवेटिव करना चाहते थे, इसीलिए उन्होंने एक ऐसा फूड बिजनेस शुरू किया, जो काफी अलग था. उन्होंने साल 2022 में 'यम्मी बी' नाम का एक फूड चेन शुरू की, जिसमें खाने की तमाम चीजें मौजूद हैं, लेकिन ये सब हेल्दी है. ग्लूटेन फ्री और शुगर फ्री फूड का ये बिजनेस चल पड़ा और हैदराबाद में एक के बाद एक उनके कई कैफे खुलने लगे.
आज वो 19 फिजिकल स्टोर और क्लाउड किचन चला रहे हैं. एक छोटे से घर में क्लाउड किचन के तौर पर शुरू हुआ उनका Yummy Bee आज करीब 130 करोड़ का ब्रांड बन चुका है. उनकी पत्नी सोनिया लांबा और वो मिलकर इस पूरे बिजनेस को संभाल रहे हैं और अब हैदराबाद के अलावा बाकी जगहों पर भी ये कैफे खोलने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें | 'मिठाई लेने के बाद 40 रुपये बचे हैं'... दिवाली पर 640 रुपये का बोनस मिलने पर छलका वन रक्षक का दर्द
यह भी पढ़ें | Success Story: सबसे कम उम्र में IAS बनने वाले शेख अंसार की कहानी, पिता ने ऑटो चलाकर किया था गुजारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं