विज्ञापन
This Article is From Jun 17, 2020

केंद्रीय विद्यालय का बड़ा ऐलान, इस साल से आठवीं कक्षा में पढ़ाया जाएगा यह नया कोर्स, जानिए डिटेल

केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने मंगलवार को कहा कि केवीएस देशभर में  केंद्रीय शैक्षिक वर्ष 2020-21 से कक्षा 8 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का पाठ्यक्रम शुरू करेगा.

केंद्रीय विद्यालय का बड़ा ऐलान, इस साल से आठवीं कक्षा में पढ़ाया जाएगा यह नया कोर्स, जानिए डिटेल
केंद्रीय विद्यालयों में शुरू किया जाएगा नया कोर्स.
नई दिल्ली:

केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने स्कूली शिक्षा को लेकर एक बड़ी घोषणा की है. केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने मंगलवार को कहा कि केवीएस देशभर में  केंद्रीय शैक्षिक वर्ष 2020-21 से कक्षा 8 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का पाठ्यक्रम शुरू करेगा. इसके लिए केवीएस ने सभी स्कूलों को 8वीं क्लास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कोर्स शुरू करने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के साथ नामांकन करने के लिए कहा है.

केवीएस के एडिशनल कमिश्नर इंदु कौशिक ने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को संबोधित करते हुए एक पत्र में कहा, "केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) ने सत्र 2020-21 से 8वीं क्लास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है. इसलिए, आपसे अनुरोध किया जाता है कि आप सभी केन्द्रीय विद्यालयों के प्रिंसिपल्स को 30 जून से पहले सीबीएसई (CBSE) के साथ अपना विद्यालय नामांकन कराने के लिए कहें, ताकि 8वीं क्लास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोर्स की शुरुआत की जा सके.

केवीएस ने कहा है कि सीबीएसई इस कोर्स के एफिलिएशन और रजिस्ट्रेशन के लिए फीस नहीं लेगा. ये कोर्स स्टूडेंट्स को सीबीएसई और इंटेल कंपनी के सहयोग से पढ़ाया जाएगा. संगठन ने कहा, "सभी केंद्रीय विद्यालयों से उन सभी शिक्षकों की सूची मांगी गई है जो इस कोर्स को पढ़ाएंगे. इन सभी शिक्षकों को इंटेल और सीबीएसई के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग चरणों में ट्रेनिंग दी जाएगी."

देश में खुलेंगे 4 नए केंद्रीय विद्यालय
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने हाल ही में देश में चार नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का ऐलान किया है. ये केंद्रीय विद्यालय देश के अलग-अलग राज्यों में खोले जाएंगे. इनमें से दो यूपी, एक उत्तराखंड और एक झारखंड में खोला जाएगा. केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने खुद रविवार को इसकी जानकारी दी. यूपी के दो केंद्रीय विद्यालयों (केवीएस) में एक फतेहपुर के मधुपुरी में होगा और दूसरा KV हमीरपुर के सुमेरपुर में होगा. जबकि तीसरा KV एसएसबी, चंपावत, उत्तराखंड और चौथा KV रेलवे, डांगोवापोसी, झारखंड में होगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kvs, Kendriya Vidyalaya Sangathan, Artificial Intelligence, CBSE
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com