खास बातें
- ब्रसेल्स में हुई एक बैठक में यूरो क्षेत्र के देशों के वित्त मंत्रियों के बीच यूनान के लिए एक राहत पैकेज पर सहमति बनी।
बर्लिन: यूरोपीय संघ और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ऋण के बोझ से दबे यूनान को दिवालियापन से बचाने के लिए उसे कई अरब यूरो का दूसरा पैकेज उपलब्ध कराएंगे। इससे पहले यूनान को 110 अरब यूरो का पैकेज दिया गया था। मंगलवार को ब्रसेल्स में हुई एक बैठक में यूरो क्षेत्र के देशों के वित्त मंत्रियों के बीच यूनान के लिए एक राहत पैकेज पर सहमति बनी। हालांकि, इस पैकेज का आकार क्या होगा इस पर निर्णय एक सप्ताह में लक्जमबर्ग में होने वाली अगली बैठक में किया जाएगा। नेताओं ने बातचीत के कुछ ब्यौरे उपलब्ध कराए, लेकिन मीडिया रपटों में ईयू कूटनीतिज्ञों के हवाले से लिखा गया है कि यूरोपीय संघ के देश यूनान को 90 अरब यूरो से 120 अरब यूरो के बीच राहत पैकेज उपलब्ध कराने को तैयार हैं। उल्लेखनीय है कि सोमवार को रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पूअर्स ने यूनान को सबसे कम साख वाले देश के तौर पर पेश करते हुए उसकी रेटिंग बी से घटाकर सीसीसी कर दी थी। इससे यूनान, पाकिस्तान एवं इक्वाडोर और जमैका जैसे देशों से भी पीछे हो गया। रेटिंग घटाए जाने के साथ यूनान के 10 वर्ष के बांड के लिए उधारी लागत बढ़कर 17 प्रतिशत से अधिक हो गई जिससे यूनान की सरकार के लिए पूंजी बाजार से धन जुटाना असंभव हो गया।