खास बातें
- अमेरिकी वित्तमंत्री टिमोथी गेटनर ने कहा है कि अमेरिका की वही कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं जिन्हें भारत के साथ निर्यात वृद्धि से फायदा पहुंचा है।
वाशिंगटन: अमेरिकी वित्त मंत्री टिमोथी गेटनर ने कहा है कि भारत की आर्थिक वृद्धि से अमेरिका को कोई खतरा नहीं है बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में इससे मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की वही कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं जिन्हें भारत के साथ निर्यात वृद्धि से फायदा पहुंचा है। अमेरिका-भारत आर्थिक एवं वित्तीय भागीदारी पर आयोजित सम्मेलन में गेटनर ने अपने संबोधन में कहा, अमेरिका में उन कंपनियों का तेजी से विकास हो रहा है जो भारत और दुनिया के अन्य देशों में निर्यात वृद्धि से लाभान्वित हो रही हैं। इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) तथा वाशिंगटन स्थित शोध संस्थान ब्रुकिंग इंस्ट्टीयूट ने किया है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार के शुरुआती वर्ष में हमारी निर्यात वृद्धि मजबूत रही है। संकट के समय अमेरिका में वे क्षेत्र ज्यादा मजबूती के साथ खड़े रहे जिन्हें भारत तथा अन्य उभरते देशों को निर्यात करने का अवसर मिल रहा था। वित्तमंत्री ने कहा कि निर्यात वृद्धि से देश में ज्यादा रोजगार, ज्यादा आय तथा वृद्धि में मदद मिलती है। इसके आधार पर अमेरिकी लोगों को बताया जा सकता है कि भारत के साथ हमारा मजबूत संबंध क्यों जरूरी है।उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि से अमेरिका को कोई खतरा नहीं है बल्कि हमें इससे फायदा ही है। उन्होंने आगे कहा कि यहां काम कर रही भारतीय कंपनियों तथा कर्मचारियों की दक्षता से अमेरिका को भी फायदा हो रहा है। अमेरिकी वित्त मंत्री ने कहा कि अगर हमारी वृद्धि निवेश और निर्यात प्रेरित है तो इससे अमेरिका भविष्य में ज्यादा सफल होगा। सवालों के जवाब में गेटनर ने कहा, दोनों देशों के बीच सहयोग एक-दूसरे के हित में हैं और निजी क्षेत्र के लिए लाभ उठाने का पर्याप्त मौका है। उन्होंने कहा, लेकिन कई ऐसी चीजें हैं जो इन संबंधों के रास्ते में है। धीरे-धीरे इनका निराकरण किया जा रहा है।