खास बातें
- टोयोटा मोटर ने कहा कि जापान में भूकंप और सुनामी के कारण उपकरणों की कमी होने से वाहनों का उत्पादन दिसंबर तक ही सामान्य स्तर पर पहुंच सकेगा।
न्यूयार्क: टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन ने शुक्रवार को कहा कि जापान में 11 मार्च को आए भूकंप और सुनामी के कारण उपकरणों की कमी होने से वाहनों का उत्पादन दिसंबर तक ही सामान्य स्तर पर पहुंच सकेगा। टोयोटा की इस घोषणा के बाद बाजार के जानकारों का कहना है कि उत्तर अमेरिकी बाजार में टोयोटा को काफी नुकसान होगा, जहां इस साल की पहली तिमाही में वाहनों की बिक्री पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 17 प्रतिशत बढ़ी थी। जानकारों का कहना है कि यदि कारों की बिक्री में वृद्धि जारी रहती है और टोयोटा अपना सामान्य उत्पादन स्तर कायम नहीं कर पाती है, तो टोयोटा को पीछे छोड़कर जनरल मोटर्स दुनिया की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी बन सकती है। टोयोटा ने वर्ष 2007 में जनरल मोटर्स को पीछे छोड़कर यह स्थान हासिल किया था। दुनियाभर में मौजूद अपने उपभोक्ताओं से आपूर्ति में बाधाओं के लिए खेद जताते हुए टोयोटा के अध्यक्ष अकियो टोयोदा ने जापान में शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, जिन उपभोक्ताओं ने हमारे द्वारा बनाए गए वाहन खरीदने का निर्णय लिया है, उनसे मैं आपूर्ति में देरी के लिए क्षमा मांगता हूं। कंपनी ने अपने बयान में कहा, जापान में उत्पादन में वृद्धि जुलाई में शुरू होगी और उत्तरी अमेरिका में यह वृद्धि अगस्त तक शुरू होगी, नवम्बर या दिसम्बर तक सभी मॉडलों का उत्पादन सामान्य स्तर तक पहुंचेगा। टोयोटा ने कहा कि जापान में स्थित कंपनी के संयंत्रों में फिलहाल केवल 50 प्रतिशत उत्पादन हो रहा है, जबकि उत्तर अमेरिका में संयंत्रों की क्षमता का केवल 30 प्रतिशत उत्पादन किया जा रहा है। कंपनी ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक, रबर और पेंट संबंधी करीब 150 उपकरणों की कमी के कारण वाहनों का उत्पादन प्रभावित हुआ है। टोयोटा उत्तर अमेरिका में निर्मित किए जाने वाले 12 टोयोटा और लेक्सस मॉडलों के उपकरणों और अन्य सामग्रियों की आपूर्ति 500 स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के जरिए करती है, लेकिन यह महत्वपूर्ण उपकरणों की आपूर्ति के लिए जापान से आयात पर निर्भर है।