खास बातें
- सेंसेक्स की शीर्ष सात कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण बीते सप्ताह 45,013 करोड़ रुपये घट गया। सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड को इस दौरान सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।
मुंबई: सेंसेक्स की शीर्ष सात कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बीते सप्ताह 45,013 करोड़ रुपये घट गया। सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) को इस दौरान सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। सीआईएल का बाजार पूंजीकरण सप्ताह के दौरान 13,612 करोड़ रुपये घटकर 2,08,187 करोड़ रुपये पर आ गया।
इसके बाद देश के सबसे बड़े भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण 8,728 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 1,26,593 करोड़ रुपये रह गया। एफएमसजी क्षेत्र की कंपनी आईटीसी के बाजार पूंजीकरण में 6,763 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 1,86,156 करोड़ रुपये रह गया। एनटीपीसी को सप्ताह के दौरान 6,225 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा और उसका बाजार पूंजीकरण 1,27,722 करोड़ रुपये रह गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में 4,404 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 2,37,879 करोड़ रुपये पर आ गया। इसी तरह, ओएनजीसी का बाजार मूल्य 3,722 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 2,22,014 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी बैंक को 1,559 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,25,794 करोड़ रुपये रह गया। वहीं दूसरी ओर टीसीएस, इंफोसिस और भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई।