खास बातें
- टीसीएस बाजार पूंजीकरण के लिहाज से 10 जून को समाप्त सप्ताह तीसरी मूल्यवान कंपनी बन गई और उसने ओएनजीसी को पीछे छोड़ दिया।
Mumbai: टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) बाजार पूंजीकरण के लिहाज से 10 जून को समाप्त सप्ताह देश की तीसरी मूल्यवान कंपनी बन गई और उसने तेल एवं गैस कंपनी ओएनजीसी को पीछे छोड़ दिया। देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी टीसीएस का बाजार पूंजीकरण गत सप्ताह 6,948.06 करोड़ रुपये बढ़कर 2,32,642.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि तेल एवं गैस कंपनी ओएनजीसी के बाजार पूंजीकरण में 11,164.9 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 2,28,345.76 करोड़ रुपये पर आ गया। बाजार पूंजीकरण के मामले में कंपनी चौथे स्थान पर आ गई। एसएमसी ग्लोबल सिक्युरटीज के रणनीतिकार एवं शोध प्रमुख जगन्नधाम थुनुगुटंला ने कहा, लागत से कम मूल्य पर ईंधन बिक्री के कारण तेल खनन कंपनियों का घाटा इस सप्ताह 33 फीसदी से बढ़कर 38 प्रतिशत पर पहुंच गया। जिससे कंपनी में निवेशकों की रुचि घटी और इसके पूंजीकरण में गिरावट आई। हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज बाजार पूंजीकरण के मामले में अब भी अव्वल कंपनी रही और आलोच्य सप्ताह में इसका पूंजीकरण 2,569.94 करोड़ रुपये बढ़कर 3,09,047.66 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि कोल इंडिया के बाजार पूंजीकरण में गत सप्ताह 7,863.87 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और इसका पूंजीकरण 2,55,338.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी प्रकार सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इंफोसिस टेक्नॉलजीज का बाजार पूंजीकरण 2,761.61 करोड़ रुपये बढ़कर 1,64,295.9 करोड़ रुपये पर पहुंच गया और कंपनी पांचवें पायदान पर पहुंच गई। इंफोसिस के बाद क्रमश: आईटीसी का छठा, एनटीपीसी का सातवां, एसबीआई का आठवां, भारती एयरटेल का नौंवा और आईसीआईसीआई बैंक का 10वां स्थान रहा। उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनी आईटीसी का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में 1,470.24 करोड़ रुपये घटकर 1,48,300.69 करोड़ रुपये पर आ गया। जबकि बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी ने इस सप्ताह 1,401.73 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की और यह 1,45,202.55 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। प्रमुख भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण भी 4,435.41 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 1,42,425.08 करोड़ रुपये पर आ गया। जबकि दूरसंचार कंपनी एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में 1,727.87 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 1,41,989.27 करोड़ रुपये रह गया। आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण भी आलोच्य सप्ताह में 1,595.54 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जो घटकर 1,19,227.27 करोड़ रुपये रह गया।