खास बातें
- टाटा समूह पांच साल में घरेलू बाजार में 1.2 लाख करोड़ रुपये निवेश करेगा। समूह पांच साल में अपनी आय दोगुनी कर 150 अरब डॉलर पहुंचाना चाहता है।
New Delhi: विविध कारोबार में सक्रिय टाटा समूह अगले पांच साल में घरेलू बाजार में विभिन्न क्षेत्रों में 1.2 लाख करोड़ रुपये निवेश करेगा। समूह पांच साल में अपनी आय दोगुनी कर 150 अरब डॉलर पहुंचाना चाहता है। 90 से अधिक कंपनियों का परिचालन करने वाले टाटा समूह ने इस निवेश में से आधा हिस्सा बिजली क्षेत्र के लिए रखा है, जबकि निवेश का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इस्पात और वाहन क्षेत्रों में लगाया जाएगा। टाटा इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक किशोरए चौकर ने बताया, हम प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण जगह बना चुके हैं। अगले पांच साल में विकास की रफ्तार कायम रहेगी। पांच साल में 1.2 लाख करोड़ रुपये निवेश की योजना है। टाटा इंडस्ट्रीज टाटा समूह की निवेश फर्मों में से एक है। समूह ने यह निवेश आवश्यक तौर पर भारतीय बाजार में करने की योजना बनाई है और यह निवेश बिजली, इस्पात, ऑटोमोबाइल, दूरसंचार और रसायन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा। चौकर ने कहा कि कंपनी पिछले तीन साल में करीब 70,000 करोड़ रुपये का निवेश पहले ही कर चुकी है और 1.2 लाख करोड़ रुपये की निवेश योजना इसके अतिरिक्त है। यह निवेश किए जाने के बाद कंपनी की अनुमानित आय पांच साल में कितनी पहुंच जाएगी, यह पूछे जाने पर चौकर ने कहा, पांच साल से भी कम समय में यह दोगुनी हो जाएगी, मुझे लगता है कि करीब 140 से 150 अरब डॉलर।