Stock Market Open: आज दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं.
नई दिल्ली: Stock Market Opening Today: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार (Share Market) हरे निशान पर खुला. आज के शुरुआती सत्र में 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 289 अंकों की तेजी के साथ 60,550.50 के लेवल पर खुला. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई (NSE) का निफ्टी (Nifty) आज 18000 के ऊपर खुलकर कारोबार कर रहा है. हालांकि, इसके कुछ समय बाद बाजार में बिकवाली हावी हो गई. आज सुबह करीब 10 बजे सेंसेक्स 131.18 अंक यानी 0.22% की तेजी के साथ कारोबार करता दिख रहा है. वहीं, निफ्टी 24.30 अंकों यानी 0.14% की बढ़त के साथ 17,980.90 के लेवल पर कारोबार कर रहा है.
अगर सक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो पीएसयू बैंक इंडेक्स( PSU Bank index) में 1 फीसदी की तेजी जबकि मेटल इंडेक्स (Metal index) में 1 फीसदी की गिरावट देखी जा रही है. एनएसई (NSE) पर एसबीआई (SBI), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), एचडीएफसी लाइफ (HDFC Life) , हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries) और एचसीएल टेक (HCL Tech) प्रमुख रूप से लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल रहे. वहीं, दूसरी ओर टीसीएस (TCS), एचयूएल (HUL), नेस्ले इंडिया ( Nestle India), जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel) और डिविस लैब्स (Divis Labs) नुकसान में कारोबार कर रहे थे.
पिछले सत्र में सेंसेक्स (Sensex) ने 303 अंकों की तेजी के साथ 60261 पर कारोबार का अंत किया. वहीं, निफ्टी (Nifty) 98 अंकों की बढ़त दर्ज करते हुए 17956 पर बंद हुआ था. वहीं, बीते सप्ताह सेंसेक्स की टॉप 10 में से सात कंपनियों के मार्केट कैप में सामूहिक रूप से 1,07,224.82 करोड़ रुपये की बढ़त हुई. जिसमें सबसे अधिक मुनाफा इन्फोसिस(Infosys) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को हुआ.
डिपॉजिटरी के आंकड़ों के मुताबिक, बीते हफ्ते विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) भारतीय शेयर बाजारों में बिकवाल बने रहे. उन्होंने दो से 13 जनवरी के दौरान भारतीय शेयर बाजारों से15,068 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है. इससे पहले एफपीआई ने दिसंबर में शेयर बाजार में 11,119 करोड़ रुपये निवेश किए थे. एफपीआई ने 2022 में कुल मिलाकर भारतीय शेयर बाजारों से 1.21 लाख करोड़ रुपये की निकासी की थी.