खास बातें
- कोषों एवं निवेशकों की ओर से शेयरों की बिकवाली बढ़ाए जाने और अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपये की गिरावट से बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक आज 500 अंक तक फिसल गया था, हालांकि बाद में गिरावट थोड़ी कम हुई।
मुंबई: कोषों एवं निवेशकों की ओर से शेयरों की बिकवाली बढ़ाये जाने और अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपये की गिरावट से बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक आज 500 अंक तक फिसल गया था, हालांकि बाद में गिरावट थोड़ी कम हुई। बैंकिंग, रिफाइनरी, सार्वजनिक उपक्रम, रीयल्टी, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, बिजली, ऑटो और मेटलों के शेयरों में भारी बिकवाली दर्ज हुई।
इससे पूर्व शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 229 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार के कारोबारी सत्र के दौरान इसमें 590.05 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी बुधवार के शुरुआती कारोबार में 69.65 अंक अथवा 1.32 फीसदी की गिरावट के साथ 5,217.80 अंक पर खुला।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट के बीच कोषों एवं निवेशकों द्वारा रीयल्टी, उपभोक्ता सामान, बैंकिंग, तेल एवं गैस एवं सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों की बिकवाली बढ़ाए जाने के कारण सूचकांक में गिरावट आई।