यह ख़बर 18 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में सुधार, सेंसेक्स 82 अंक चढ़ा

खास बातें

  • बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 82 अंक लाभ में रहा। दिन में यह एक समय 260 अंक तक टूट कर 15,809.71 अंक तक चला गया था। बाद में अच्छे शेयरों में लिवाली बढने से यह 82.27 अंक की बढ़त लेकर 16,152.75 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई:

एसबीआई की अगुवाई में प्रतिष्ठित शेयरों को लिवाली के समर्थन से शुक्रवार को स्थानीय शेयर बाजार को प्रारंभिक गिरावट से उबरने का मौका मिला और बाजार में तेजी का सिलसिला बरकरार है।

बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 82 अंक लाभ में रहा। दिन में यह एक समय 260 अंक तक टूट कर 15,809.71 अंक तक चला गया था। बाद में अच्छे शेयरों में लिवाली बढने से यह 82.27 अंक की बढ़त लेकर 16,152.75 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 21.25 अंक सुधर कर 4,891.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 4,800 अंक से नीचे आ गया था।

ब्रोकरों ने कहा कि रेटिंग एजेंसी मूडीज द्वारा स्पेन के 16 बैंकों की रेटिंग घटाए जाने से यूरोजोन संकट गहराने की चिंता बढ़ गई थी और बिकवाली के जोर में सेंसेक्स 16,000 अंक से नीचे आ गया था।

यूरो क्षेत्र की चिंता से विदेशी निवेशक सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रतिभूतियों में लिवाली बढाने लगे। इसका असर रुपए पर दिखा और डालर के मुकाबले रुपए की दर शुरुआती कारोबार में टूटकर 54.90 प्रति डालर पर आ गयी। यह स्थानीय मुद्रा की अब तक की न्यूनतम दर है। भारतीय स्टेट बैंक के शानदार तिमाही नतीजों ने बाजार में नयी जान पड़ी। एसबीआई का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 4,050.27 करोड़ रुपये रहा जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में महज 20.88 करोड़ रुपये था। एसबीआई ने 350 प्रतिशत लाभांश देने की भी घोषणा की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि निवेशकों ने बैंकिंग, एफएमसीजी और रिफाइनरी शेयरों में खास दिलचस्पी दिखाई जिससे सेंसेक्स में शामिल 30 में से 19 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 11 कंपनियों के शेयर भाव में गिरावट दर्ज की गई।