खास बातें
- रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा भारतीय स्टेट बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में सोमवार को बिकवाली तेज हो गई थी।
Mumbai: रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा भारतीय स्टेट बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में सोमवार को बिकवाली तेज हो गई थी। बावजूद इसके अंत में चुनिंदा शेयरों की लिवाली से बाजार संभल गया तथा बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 2.51 अंक की गिरावट के साथ 18,266.03 अंक रहा। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी तीन अंक गिरकर 5,482.80 अंक रह गया। सेंसेक्स में लगातार चौथी कारोबारी सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। पेट्रोलियम नियामक द्वारा रिलायंस इंडस्ट्रीज के केजी-डी6 क्षेत्र में तीन नई गैस खोजों को खारिज करने की खबरों से 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में सबसे ज्यादा भारांश रखने वाली कंपनी का शेयर 1.84 प्रतिशत लुढ़क गया। मई में खाद्य मुद्रास्फीति चढ़कर दो माह के शीर्ष स्तर पर पहुंच गई है। इससे भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा 16 मई को मौद्रिक नीति की समीक्षा में नीतिगत दरों में बढ़ोतरी का दबाव रहेगा। यदि ऐसा होता है, तो 15 माह में यह दसवां मौका होगा, जब केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में वृद्धि करेगा। सेंसेक्स की कंपनियों में आरआईएल और भारतीय स्टेट बैंक के अलावा टीसीएस, टाटा स्टील, हिंडाल्को, टाटा मोटर्स और मारुति सुजुकी में भी गिरावट दर्ज हुई। हालांकि इन्फोसिस टेक्नोलाजीज ने बाजार को भारी गिरावट से बचा लिया।