खास बातें
- मुनाफा वसूली निकलने और वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत मिलने के करण बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक गुरुवार को 48 अंक घटकर 18,154 अंक रह गया। इसके साथ ही बाजार में तीन दिन से जारी तेजी भंग हो गयी।
मुंबई: मुनाफा वसूली निकलने और वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत मिलने के करण बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक गुरुवार को 48 अंक घटकर 18,154 अंक रह गया। इसके साथ ही बाजार में तीन दिन से जारी तेजी भंग हो गयी।
सेंसेक्स में भारी वजन रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और टाटा मोटर्स के शेयरों में आज गिरावट गिरावट रही पर कुल मिलाकार कारोबारी अंतर्धारणा सकारात्मक देखी गई।
बाजार के जानकारों के अनुसार दूसरी पंक्ति के शेयरों में अच्छी खरीदारी रही और खुदरा निवेशकों की भागीदारी बढ़ी है।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक शुरु में नीचे खुला और एशियाई बाजारों से कमजोर संकेत मिलने पर 159 अंक घटकर 18,043 अंक तक नीचे चला गया। कारोबार के दौरान इसमें थोड़ा सुधार आया पर अंत में कल की तुलना में 48.42 अंक की गिरावट के साथ 18,153.99 अंक पर बंद हुआ।
पिछले तीन दिनों में सेंसेक्स कुल मिला कर 453.72 अंक सुधारा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी.50 भी 10 अंक घट कर 5,521.95 अंक पर बंद हुआ।
मोतीलाल ओसवाल सिक्युरिटीज में डेरिवेटिव रणनीतिकार विकास जैन ने कहा ‘‘कल की तेजी के बाद आज बाजर ने रुककर सांस ली है। धातु, तेल एवं गैस के शेयरों में मुनाफा वसूली चली। हालांकि, बिजली कंपनियों के शेयरों में सुधार दर्ज किया गया। सरकार ने कल बिजली संयंत्रों को उपयुक्त मात्रा में कोयला आपूर्ति का आश्वासन दिया। इससे आज इनमें खरीदारी का जोर रहा।’’
रिलायंस के केजी डी6 ब्लॉक से अगले साल भी प्राकृतिक गैस का उत्पादन घटने के समाचारों से रिलयंस इंडस्ट्रीज के शेयर में आज लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। यह शेयर आज 2.86 प्रतिशत टूटा । निवेशकों की मुनाफा वसूली आने से टाटा मोटर्स के शेयर में 3.67 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कल इसमें सात प्रतिशत तक तेजी आ गई थी।
आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोल इंडिया, टाटा स्टील, हिन्डाल्को, टीसीएस, स्टरलाइट, गेल इंडिया और सन फार्मा के शेयर भी आज गिरावट लेकर बंद हुये।
बहरहाल, स्टेट बैंक, इंफोसिस, जिंदल स्टील, बजाज आटो, हीरो मोटोकार्प, मारुति सुजूकी, भेल और आईटीसी के शेयरों में मजबूती ने बाजार में आने वाली तेज गिरावट का थाम लिया।
शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाजी जारी है। कल भी इन संस्थानों ने बाजार में 1,838.85 करोड़ रुपये के शेयरों की लिवाली की। वैश्विक बाजारों से मंदी के समाचार थे। वैश्विक स्तर पर यूनान को 169 अरब डालर का राहत पैकेज देने के फैसले को अगले सप्ताह तक लटका दिये जाने के यूरोपीय अधिकारियों के फैसले से सुस्ती का रुझान रहा। चीन, हांगकांग, जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया और ताइवान के सूचकांक 1.69 प्रतिशत तक नीचे रहे।