सेंसेक्स-निफ्टी की मजबूत ओपनिंग. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई: वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने पर घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को अच्छी उछाल देखी है. सोमवार के कारोबार में बाजार ने वापस मजबूती हासिल की थी, इसके बाद से बाजार बढ़त पर है. आज सेंसेक्स ने ओपनिंग में 200 से ज्यादा अंकों की चढ़ाई की. निफ्टी 17,300 के करीब रहा. 09:16 पर सेंसेक्स 209.38 अंकों या 0.36% की बढ़त के साथ 57,802.87 पर खुला, वहीं निफ्टी 63 अंकों या 0.37% के लाभ के साथ 17,285 पर आया. रियल्टी इंडेक्स ने 1 फीसदी की बढ़त दर्ज की.
सुबह 10.03 पर सेंसेक्स 57,756.05 के स्तर पर था, इसमें 162.56 अंकों या 0.28% की तेजी आई थी. वहीं, निफ्टी 17,281.65 अंकों के स्तर पर था. इंडेक्स में 59.65 अंकों या 0.35% की तेजी दर्ज हो रही थी.
30 शेयरों पर आधारित बीएसई पर 25 शेयर हरे निशान में खुले. एचडीएफसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज हुई. वहीं, डॉ रेड्डी, आईटीसी, टाटा स्टील, एनटीपीसी के शेयर नुकसान में रहे. निफ्टी पर एसबीआई लाइफ इंश्योरंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति, एचडीएफसी लाइफ बढ़त पर रहे, वहीं, ओएनजीसी, कोल इंडिया, डॉ रेड्डी, आयशर मोटर्स ने गिरावट देखी.
अगर पिछले कारोबार की बात करें सोमवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए कारोबार के अंत में बढ़त के साथ बंद हुए थे. इंडेक्स में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और भारती एयरटेल के शेयरों में तेजी के साथ बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में 0.40 की मजबूती रही. सेंसेक्स 231.29 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 57,593.49 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी भी 69 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,222 अंक पर बंद हुआ.