शेयर बाजार में मेटल शेयरों का दिखा दम, दो दिनों की गिरावट पर लगा ब्रेक.
नई दिल्ली: Stock Market Updates Today : घरेलू शेयर बाजारों में आखिरकार काराबोरी हफ्ते का अंत पॉजिटिव नोट पर हुआ है. आज मेटल शेयरों के दम पर बाजार की क्लोजिंग में उछाल देखा गया और आखिरकार दो दिनों की लगातार गिरावट पर ब्रेक लगा. सेंसेक्स में आज 500 से ज्यादा अंकों की बढ़त देखी गई.
क्लोजिंग पर आज सेंसेक्स 568.38 अंक की बढ़त के साथ 49,008.50 अंक पर और निफ्टी 182.40 अंक के लाभ से 14,507.30 अंक पर बंद हुआ. आज कारोबार में मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई. वहीं, FMCG और ऑटो शेयरों में भी बढ़त रही.
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर सबसे अधिक करीब चार प्रतिशत चढ़ गया. टाइटन, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, बजाज ऑटो और नेस्ले इंडिया के शेयर भी लाभ में रहे. वहीं दूसरी ओर पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, आईटीसी और मारुति के शेयरों में गिरावट आई. कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच घरेलू बाजार उबर अए और अंत में मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए.
अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी उल्लेखनीय लाभ के साथ बंद हुए. शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार भी बढ़त में थे. इस बीच, वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 2.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63.22 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
अगर ओपनिंग पर नजर डालें तो वैश्विक बाजारों से सकारात्मक रुझानों के बीच एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी जैसे बड़े शेयरों में बढ़त के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में सुबह 500 अंक से अधिक की तेजी आई. इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सूचकांक 500.92 अंक या 1.03 प्रतिशत बढ़कर 48,941.04 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 156.30 अंक या 1.09 प्रतिशत बढ़कर 14,481.20 पर पहुंच गया.
(भाषा से इनपुट के साथ)