शेयर बाजार में हरे निशान में क्लोजिंग.
मुंबई: घरेलू शेयर बाजार आज उतार-चढ़ाव भरी शुरुआत के बाद संभलने में कामयाब रहे. दोनों ही बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए हैं. क्लोजिंग में सेंसेक्स 176 अंकों की उछाल लेकर 56,124.72 बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 68 अंकों की बढ़त के साथ 16,705.20 पर रुका. आज ब्रॉडर मार्केट में सबसे अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला. बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.04 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है, वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.93 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई.
सबसे ज्यादा अल्ट्राटेक सीमेंट, एलएंडटी, डॉ रेड्डीज़ लैब, बजाज फिनजर्व और सन फार्मा में सबसे ज्यादा लाभ दर्ज हुआ. बीएसई पर कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 2.14 फीसदी बढ़त दर्ज हुई. इंडस्ट्रियल, यूटिलिटीज़, पावर, मेटल और टेलीकॉम इंडेक्स में भी अच्छी तेजी दर्ज हुई.
अगर ओपनिंग की बात करें तो घरेलू शेयर बाजार में सितंबर फ्यूचर एंड ऑप्शन्स सीरीज की शुरुआत शुक्रवार यानी 27 अगस्त, 2021 को फ्लैट नोट पर हुई. बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स 32.95 अंक यानी 0.06% की गिरावट लेकर 55,916.15 के स्तर पर था. वहीं, निफ्टी 6.80 अंक यानी 0.04% गिरकर 16,630.10 पर खुला.
रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल में लिवाली दिख रही थी. निफ्टी पर आठ सेक्टर लाल निशान में थे. बैंक इंडेक्स में 0.3 फीसदी की गिरावट आई थी. ओपनिंग के बाद 1042 शेयरों में तेजी आई थी और 526 शेयर गिर गए थे.