Share Market : सेंसेक्स-निफ्टी में रिकवरी. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई: Share Market Updates : सोमवार को हफ्ते के पहले दिन जबरदस्त झटके देखने के बाद मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में रिकवरी दिख रही है. दोनों ही बेंचमार्क इंडेक्स आज अच्छी तेजी दिखा रहे हैं. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में 600 से ज्यादा अंकों की तेजी आई थी, जो दोपहर 12 बजे तक 900 के ऊपर तक पहुंच रही थी. सुबह 11.45 पर बीएसई सेंसेक्स में 939.77 अंकों या 1.68% की तेजी दिख रही थी और इंडेक्स 56,761.78 के लेवल पर था. वहीं, एनएसई निफ्टी 281.90 अंकों या 1.70% की तेजी लेकर 16,896.10 के लेवल पर था.
बता दें कि मंगलवार को एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार संभला है. ओपनिंग में आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे बड़े शेयरों में बढ़त के चलते सेंसेक्स में 600 से ज्यादा अंकों की तेजी आई थी. शुरुआती कारोबार में इंडेक्स 635.96 अंक या 1.14 फीसदी की तेजी के साथ 56,457.97 पर था, वहीं, निफ्टी 187.05 अंक या 1.13 फीसदी की तेजी के साथ 16,801.25 पर पहुंचने में कामयाब रहा था.
ओपनिंग में बीएसई पर सबसे अधिक तीन प्रतिशत की बढ़त एचसीएल टेक में दर्ज हुई. इसके अलावा टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, विप्रो, एनटीपीसी और टाइटन भी बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल थे. दूसरी ओर सिर्फ एक्सिस बैंक लाल निशान में था.
पिछले सत्र में सेंसेक्स 1,189.73 अंक या 2.90 प्रतिशत गिरकर 55,822.01 पर, और निफ्टी 371 अंक या 2.18 प्रतिशत गिरकर 16,614.20 पर बंद हुआ था. शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को सकल आधार पर 3,565.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.80 प्रतिशत बढ़कर 72.09 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया.