खास बातें
- एशियाई बाजारों में मजबूत रुख के बीच जमीन जायदाद और पूंजीगत सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 102 अंक की बढ़त लेकर बंद हुआ।
मुंबई: एशियाई बाजारों में मजबूत रुख के बीच जमीन जायदाद और पूंजीगत सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 102 अंक की बढ़त लेकर बंद हुआ।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स 102.35 अंक मजबूत होकर 17,707.31 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह दिन के उच्च स्तर 17,829.72 अंक को छू गया था। पांच कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 843 अंक मजबूत हो चुका है।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 35.80 अंक मजबूत होकर 5,361.65 अंक पर बंद हुआ।
विदेशी फंडों ने तीन फरवरी को 974 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे जिससे इस साल भारतीय शेयर बाजारों में उनका कुल निवेश बढ़कर 16,204.30 करोड़ रुपये पहुंच गया।
ब्रोकरों ने कहा कि पिछले दिनों अमेरिका में उत्साहजनक रोजगार के आंकड़े आने के बाद आज अन्य एशियाई बाजारों से सकारात्मक रुख मिलने और एफआईआई की सतत लिवाली से बाजार की धारणा मजबूत रही। हालांकि, दोपहर में यूरोपीय शेयर बाजारों में नरमी रही।
रीयल्टी शेयरों में डीएलएफ 2 प्रतिशत, डीबी रीयल्टी 12.03 प्रतिशत, यूनिटेक 13.08 प्रतिशत और एचडीआईएल 4.34 प्रतिशत की बढ़त लेकर बंद हुआ।
ब्रोकरों ने कहा कि विशेष अदालत द्वारा 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में गृह मंत्री पी. चिदंबरम की जांच की याचिका खारिज किए जाने से भी बाजार की धारणा सकारात्मक हुई।