खास बातें
- मुनाफा वसूली से शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 21 अंक टूट गया।
Mumbai: खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति में गिरावट के बावजूद आईटी एवं तेल और गैस शेयरों में मुनाफा वसूली से शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 21 अंक टूट गया। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 21.02 अंक की गिरावट के साथ 19,591.18 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 6.05 अंक टूटकर 5,885.70 अंक पर बंद हुआ। बाजार कारोबार की शुरुआत से ही दबाव में रहा। हालांकि, खाद्य मुद्रास्फीति में नरमी और वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतें नीचे आने से बाजार में गिरावट थोड़ी थम गई। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स एक समय दिन के निचले स्तर 19,537.02 अंक पर आ गया था। हालांकि, मुद्रास्फीति में नरमी के आंकड़े जारी होने के बाद हेल्थकेयर, बैंकिंग और मेटल शेयरों में लिवाली से बाजार कुछ हद तक संभल गया। छब्बीस मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति घटकर चार महीने के निचले स्तर 9.18 प्रतिशत पर आ गई। बुधवार को लंदन स्टॉक एक्सचेंज में धातुओं में तेजी से आज बाजार में धातु शेयरों की मांग रही। वहीं चौथी तिमाही में बेहतर वित्तीय नतीजों की उम्मीद में बैंकिंग शेयरों में भी लिवाली दर्ज की गई।