मुंबई:
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर 28,294.01 अंक को छूने के बाद अंतिम घंटे में धातु, बिजली तथा तेल एवं गैस शेयरों में बिकवाली से 130 अंक टूटकर 28,032.85 अंक पर बंद हुआ।
बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स ने शुरुआती कारोबार में नई ऊंचाई कायम की। इस रिकॉर्ड स्तर पर विदेशी कोषों की ओर से बिकवाली बढ़ गई जिससे यह नीचे आ गया। कारोबार के दौरान यह एक समय 27,963.51 अंक तक आ गया था। अंत में सेंसेक्स 130.44 अंक या 0.46 प्रतिशत के नुकसान से 28,032.85 अंक पर बंद हुआ। कल यह सर्वकालिक 28,282.85 अंक पहुंच गया था। लेकिन अंत में यह 14.59 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ।
इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 8,455.65 अंक के नए रिकॉर्ड को छूने के बाद अंत में 43.60 अंक या 0.52 प्रतिशत के नुकसान से 8,382.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,360.50 अंक के निचले स्तर तक गया।
सेंसेक्स व निफ्टी के जिन बड़ी कंपनियों के शेयरों में नुकसान दर्ज हुआ उनमें टाटा स्टील, सेसा स्टरलाइट, गेल, भेल, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, सनफार्मा, ओएनजीसी, कोल इंडिया, रिलायंस इंडस्ट्रीज व एसबीआई शामिल हैं।
कारोबारियों ने कहा कि मुनाफावसूली के अलावा फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक के मिनट्स जारी होने से पहले वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रख से भारतीय शेयरों में गिरावट आई।