मुंबई:
बंबई स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार को 130.55 अंक यानी 0.62 प्रतिशत बढ़कर कारोबार की समाप्ति पर अब तक के सर्वोच्च स्तर 21,164.52 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक भी 47.45 अंक चढ़कर 6299.15 पर बंद हुआ।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 33.37 अंकों की गिरावट के साथ 21,000.60 पर खुला और 130.55 अंकों या 0.62 फीसदी की तेजी के साथ 21,164.52 पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स ने 21,205.44 के ऊपरी और 20,991.98 निचले स्तर को छुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 14.55 अंकों की गिरावट के साथ 6,237.15 पर खुला और 47.45 अंकों या 0.76 फीसदी तेजी के साथ 6,299.15 पर बंद हुआ।
दिनभर के कारोबार में निफ्टी ने 6,309.05 के ऊपरी और 6,235.90 के निचले स्तर को छुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी तेजी दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 86.34 अंकों की तेजी के साथ 6,107.35 पर और स्मॉलकैप 31.32 अंकों की तेजी के साथ 5,896.11 पर बंद हुआ।
बीएसई के 13 में से 12 सेक्टरों में तेजी दर्ज की गई। उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं (2.65 फीसदी), सार्वजनिक कंपनियां (2.47 फीसदी), बैंकिंग (1.93 फीसदी), धातु (1.73 फीसदी) और तेल एवं गैस (1.44 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई। बीएसई के केवल एक सेक्टर स्वास्थ्य सेवा (1.26 फीसदी) में गिरावट रही।
एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, भारती एयरटेल, ओएनजीसी, टाटा स्टील तथा गेल इंडिया सहित सेंसेक्स के 21 शेयरों में लाभ दर्ज हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल बने हुए हैं और प्रमुख कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजों से पूंजी का प्रवाह और बढ़ने की उम्मीद है।