खास बातें
- रुपये के 66 के स्तर को पार करने के बाद वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि मुद्रा बहुत गिर गई है और सरकार निवेशकों का रुख बेहतर करने की कोशिश करेगी ताकि उसे अपना स्तर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
नई दिल्ली: रुपये के 66 के स्तर को पार करने के बाद वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि मुद्रा बहुत गिर गई है और सरकार निवेशकों का रुख बेहतर करने की कोशिश करेगी ताकि उसे अपना स्तर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
राज्य सभा में प्रश्न काल के दौरान उन्होंने कहा ‘फिलहाल हमारा मानना है कि रुपया अपने वास्तविक स्तर से बहुत अधिक गिर गया है। मुझे विश्वास है कि रुपया अपना वास्तविक स्तर प्राप्त कर लेगा।’ रुपया लगातार न्यूनतम स्तर को छू रहा है और दिन के कारोबार के दौरान 66 को पार कर गया।
चिदंबरम ने कहा ‘हमें धैर्य रखने की जरूरत है। हमें दृढ़ होना होगा। हमें स्पष्ट होना होगा... सिर्फ वही काम करेंगे जो हमें अर्थव्यवस्था के बुनियादी तत्वों को मजबूत करने के लिए जरूरी है। मैं नहीं कह सकता है कि रुपया निश्चित अवधि में चढ़ेगा या गिरेगा।’
मंत्री ने दिन में संवाददाताओं से कहा कि यह बहुत गिर गया है। आज हर उभरते बाजार के सामने चुनौती है। भारत के सामने भी चुनौती है और इसका असर शेयर बाजार के साथ-साथ मुद्रा बाजार में भी दिख रहा है।
बंबई शेयर बाजार 590.05 अंक या 3.18 प्रतिशत गिरकर 17,968.08 के स्तर पर बंद हुआ। उन्होंने कहा ‘सिर्फ वाह्य तत्व ही नहीं, घरेलू वजहें भी हैं। घरेलू वजहों में से एक यह है कि 2009 से 2011 के बीच जो कुछ फैसले के मद्देनजर हमने राजकोषीय घाटे और चालू खाते के घाटे को बढ़ने दिया।’