यह ख़बर 27 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

रुपये के साथ सेंसेक्स ने लगाया गहरा गोता, खाद्य विधेयक से पसरी चिंता

खास बातें

  • शेयर बाजार में पिछले तीन दिन की कमाई आज एक झटके में चली गई। डॉलर के मुकाबले रुपये में भारी गिरावट के बीच शेयर औंधे मुंह गिरे तथा बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 590 अंक से अधिक का गोता लगा गया।
नई दिल्ली:

शेयर बाजार में पिछले तीन दिन की कमाई आज एक झटके में चली गई। डॉलर के मुकाबले रुपये में भारी गिरावट के बीच शेयर औंधे मुंह गिरे तथा बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 590 अंक से अधिक का गोता लगा गया।

विदेशी कोषों की भारी बिकवाली से बाजार में कोहराम मचा था और वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के भरोसा देने वाले बयानों का भी बाजार कोई असर नहीं पड़ा। चिदंबरम ने दिन में कहा कि खाद्य सुरक्षा विधेयक को लागू करने के लिए सब्सिडी देने के बावजूद राजकोषीय घाटे को जीडीपी के 4.8 प्रतिशत पर नियंत्रित रखा जाएगा।

पिछले तीन कारोबारी सत्रों में 652 अंक की बढ़त हासिल करने वाला सेंसेक्स 590.05 अंक टूटकर 17,968.08 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स इससे पहले 21 अगस्त को इस स्तर पर था।

नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 189.05 अंक की गिरावट के साथ 5,300 के स्तर से नीचे आ गया और 5,287.45 अंक पर आ टिका। वहीं एमसीएक्स-एसएक्स का एसएक्स-40 सूचकांक 391.41 अंक टूटकर 10,629.77 अंक पर बंद हुआ।

लोक सभा में खाद्य सुरक्षा विधेयक पारित होने से सरकार की राजकोषीय स्थिति गड़बड़ाने की चिंता से भी बाजार की धारणा कमजोर हुई। आज शेयर बाजार में आई गिरावट के चलते निवेशकों को 1.7 लाख करोड़ रुपये का चूना लगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ब्रोकरों ने कहा कि कारोबार के दौरान डालर के मुकाबले रुपया 66 के स्तर से नीचे आने से शेयर बाजार में भारी बिकवाली दबाव हावी हो गया। इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा विधेयक को लेकर भी बाजार में चिंता साफ दिखी। उन्होंने कहा कि सीरिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का भी बाजार की धारणा पर प्रतिकूल असर पड़ा। इससे सेंसेक्स में शामिल 30 में से 27 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।