यह ख़बर 24 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2जी पर भारत पहुंचकर ही कुछ बोलूंगा : प्रणब

खास बातें

  • 2 जी घोटाले पर पर भारत में चल रहे विवाद के सिलसिले में वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि सोमवार को देश लौटकर ही वह इस मुद्दे पर बोलेंगे।
वाशिंगटन:

2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर पर भारत में चल रहे विवाद के सिलसिले में वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि सोमवार को देश लौटकर ही वह इस मुद्दे पर बोलेंगे। मुखर्जी ने वाशिंगटन में भारतीय पत्रकारों के एक समूह से कहा, मैंने आपसे कहा कि मेरा सवाल सिर्फ उसी से (2 जी) संबंधित है। इस बारे में मैं वहां (भारत में) कहूंगा, अभी नहीं। वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से न्यूयॉर्क में मुलाकात करेंगे और इसके बाद भारत के लिए रवाना हो जाएंगे। मनमोहन सिंह संयुक्त राष्ट्र महासभा के 66वें सत्र में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क गए हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि वाशिंगटन से मुखर्जी तय कार्यक्रम से एक दिन पहले ही रवाना होंगे, जिससे प्रधानमंत्री से उनकी मुलाकात के समय में भी फेरबदल हुआ है। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री वाशिंगटन में अपने सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क के लिए वह अब रविवार दोपहर के बजाए शनिवार की शाम को ही रवाना हो जाएंगे। ऐसी संभावना है कि वह न्यूयार्क में उसी होटल में ठहरेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री ठहरे हुए हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com