यह ख़बर 25 सितंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पीएम मोदी ने एक अरब भारतीयों को सपना देखने और कुछ करने को प्रेरित किया : मुकेश अंबानी

नई दिल्ली:

'मेक इन इंडिया' अभियान को लॉन्च किए जाने के मौके पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने एक अरब भारतीयों को सपना देखने और कुछ करने की प्रेरणा दी है। मुकेश अंबानी ने कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता के लिए 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम की सफलता हमारे लिए महत्वपूर्ण है।

अंबानी ने कहा कि पूंजी और विशेषज्ञता के संबंध में पूरी दुनिया के लिए दरवाजे खोलना काफी महत्वपूर्ण है। अंबानी ने कहा कि 'मेक इन इंडिया' अभियान से भारतीय उद्योग को नई पहचान मिलेगी और अगले 12-15 माह में 1,25,000 नौकरियां पैदा होंगी।

इस मौके पर विप्रो चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने कहा कि 'मेक इन इंडिया' अभियान को शिक्षित विचारकों और संकटमोचकों की जरूरत है। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक की प्रमुख चंदा कोचर ने कहा कि 'मेक इन इंडिया' अभियान भारत के निर्माण का वाहक बनेगा, उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर होगी, तथा देश का एक्सपोर्ट काफी बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान से अगले 10 सालों में नौ करोड़ नए रोजगारों के अवसर पैदा होंगे।

लॉकहीड मार्टिन इंडिया के रोजर शॉ ने कहा, हमारे विचार से भारत नए आइडिया का केंद्र है, हम उसकी सफलताओं के साथ जुड़ना चाहते हैं। आईटीसी चेयरमैन वाईसी देवेश्वर ने कहा कि 'मेक इन इंडिया' अभियान ने हमारी अर्थव्यवस्था को परेशान करने वाली सभी 'बीमारियों' को दूर करने का मंत्र दिया है।

उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा कि सरकार लाइसेंस की प्रक्रिया एवं नियंत्रण खत्म करने और भारत को उच्च वृद्धि की राह पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मारुति सुजुकी के मुख्य कार्यकारी केनिची अयुकावा ने कहा कि भारत में जो कार हम बनाते हैं, उसकी कीमत विश्व के अन्य भागों में बनाए गए इसी तरह के उत्पादों से कम है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि 'मेक इन इंडिया' अभियान के तहत विनिर्माण की प्रतिस्पर्धात्मकता को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने वाली वजहें खत्म होंगी। टाटा समूह के प्रमुख साइरस मिस्त्री ने कहा कि टाटा ग्रुप भारत में निवेश के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com