खास बातें
- एयर इंडिया प्रबंधन के बकाया वेतन और भत्ते की किस्तों में मार्च तक भुगतान कर दिए जाने के आश्वासन के बाद एयर इंडिया पायलटों ने आंदोलन देर शाम समाप्त कर दिया।
नई दिल्ली:
एयर इंडिया प्रबंधन के बकाया वेतन और भत्ते की किस्तों में मार्च तक भुगतान कर दिए जाने के आश्वासन के बाद एयर इंडिया पायलटों ने अपना आंदोलन देर शाम समाप्त कर दिया।
एयर इंडिया के कुछ पायलटों के काम पर आने के बावजूद वेतन एवं भत्तों का भुगतान नहीं होने की वजह से विमान उड़ाने से मना करने के कारण शुक्रवार रात से अब तक 52 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
इंडियन कमर्शियल पायलट एसोसियेसन (आईसीपीए) के अध्यक्ष एएस भिंडर ने बताया, ‘समस्या का निदान कर लिया गया है।
प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि बकाया वेतन एवं भत्तों का आंशिक भुगतान इस महीने की 20 तारीख तक और आंशिक भुगतान 20 फरवरी को होगा उसके बाद पूरे बकाये का भुगतान मार्च तक कर दिया जाएगा।’ आईसीपीए पूर्ववर्ती इंडियन एयरलाइंस के पायलटों का संगठन है।
भिंडर ने कहा कि पायलट अपनी ड्यूटी जल्द शुरु कर देंगे। एयर इंडिया पायलटों का एक वर्ग शुक्रवार मध्यरात्रि से ‘वेतन नहीं, काम नहीं’ आंदोलन पर चला गया था। इसकी वजह से कुल 52 उड़ानें रद्द हुईं।
इनमें से 44 उड़ानें दिल्ली और आठ उड़ानें मुंबई से रद्द हुई। इसकी वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आईसीपीए के शीर्ष पदाधिकारियों अध्यक्ष भिंडर और महासचिव रिषभ कपूर की एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रोहित नंदन तथा अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ दो दौर की बातचीत देर शाम तक हुई। उन्होंने बताया कि पायलटों का उत्पादकता से जुड़ा प्रोत्साहन (पीएलआई) और उड़ान भत्ता पिछले साल अगस्त से लंबित पड़ा है। पायलटों के कुल वेतन में उड़ान भत्ता उसका 80 प्रतिशत तक बैठता है। एयरलाइन प्रबंधन ने पायलटों को शनिवार को उनके नवंबर 2011 के वेतन का भुगतान कर दिया।