खास बातें
- टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक नीरा राडिया ने सीबीआई से कहा कि हो सकता है कि शरद पवार का विवादास्पद डीबी रियल्टी पर नियंत्रण हो।
New Delhi: एनसीपी के अध्यक्ष और देश के कृषि मंत्री शरद पवार भी 2−जी स्पेक्ट्रम घोटाले के लपेटे में आ सकते हैं। अंग्रेज़ी अखबार टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी ख़बर के मुताबिक कॉरपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया ने शरद पवार का नाम लिया है। अख़बार के मुताबिक नीरा राडिया ने टेप मामले में पूछताछ के दौरान जो बयान सीबीआई के सामने दिया था उसे 2−जी घोटाले की चाजर्शीट में शामिल करके कोर्ट के सामने रखा गया है। टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक नीरा राडिया ने सीबीआई से कहा है कि हो सकता है कि कृषि मंत्री शरद पवार का विवादास्पद डीबी रियल्टी पर नियंत्रण हो और उन्होंने स्वान टेलीकॉम को स्पेक्ट्रम और लाइसेंस दिलाने के लिए पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा से पैरवी की हो हालांकि राडिया ने यह भी साफ किया है कि इन आरोपों को साबित करने के लिए उनके पास किसी तरह का सबूत नहीं है। राडिया ने यह भी कहा है कि उन्होंने ये आरोप डिबी रियल्टी से जुड़े दो अहम लोगों शाहिद बलवा और विनोद गोयनका की पवार से नज़दीकियों को देखते हुए लगाए हैं। हालांकि शरद पवार इस बात से इनकार कर चुके हैं कि उनका डीबी रियल्टी ग्रुप के साथ कोई लेना देना है लेकिन विनोद गोयनका ने मराठा नेता के साथ पारिवारिक रिश्ते की बात कही है। हम आपको बता दें कि टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने सीबीआई की जिस चाजर्शीट के हवाले से यह ख़बर दी है वो अभी सावर्जनिक नहीं हुई है इसलिए इसकी पुष्टि करना मुमकिन नहीं है।