यह ख़बर 25 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पाक को पेट्रोल-डीजल निर्यात करना चाहता है भारत

खास बातें

  • अधिकारी ने कहा, दोनों देशों के वाणिज्य सचिवों की इसी सप्ताह इस्लामाबाद में होने वाली बैठक में इस विषय पर फिर से चर्चा हो सकती है।
New Delhi:

पाकिस्तान की तरफ से पहल होने और सीमापार से पेट्रोल, डीजल के आयात पर लागू प्रतिबंध को उठा लेने की स्थिति में भारत, पाकिस्तान को पेट्रोल, डीजल का निर्यात कर सकता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा हम 2005 से ही पाकिस्तान पर इस बात के लिए दबाव बनाए हुए हैं कि वह भारत से आयात की नकारात्मक सूची में से पेट्रोलियम पदार्थों और विशेषकर डीजल को हटा ले, ताकि पाकिस्तान में भारत से डीजल का आयात हो सके। उन्होंने कहा, दोनों देशों के वाणिज्य सचिवों की इसी सप्ताह इस्लामाबाद में होने वाली बैठक में इस विषय पर फिर से चर्चा हो सकती है। जून, 2005 में तत्कालीन पेट्रोलियम मंत्री मणिशंकर अय्यर ने इस्लमाबाद की यात्रा के दौरान भारत से पाकिस्तान को डीजल के निर्यात का मामला उठाया था। पाकिस्तान ने इस पर विचार करने का वादा किया था लेकिन कुछ कदम नहीं उठाया। पाकिस्तान हर साल कुवैत से 40 से 50 लाख टन डीजल का आयात करता है। कुवैत उसे दाम में काफी रियायत मिलने और भुगतान के लिए ज्यादा समय की सुविधा देता है। अधिकारी ने बताया कि इंडियन आयल कारपोरेशन ने 2005 में पाकिस्तान को 3,25,000 टन डीजल बेचने का प्रस्ताव किया था। कंपनी ने समुद्र के रास्ते एक लाख टन डीजल जामनगर से कराची भेजने और शेष सवा दो लाख टन सड़क मार्ग से भेजने की पेशकश की थी। इस मौके पर पाकिस्तान ने इंडियन ऑयल की पेशकश को नकार दिया और कुवैत से डीजल का आयात जारी रखा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com