यह ख़बर 28 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ओएनजीसी ने गुजरात में दो नए तेल क्षेत्र खोजे

खास बातें

  • सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) को गुजरात में दो जगह खनिज तेल एवं गैस के स्रोतों का पता चला है।
New Delhi:

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) को गुजरात में दो जगह खनिज तेल एवं गैस के स्रोतों का पता चला है। इस बीच अप्रैल-मार्च 2010-11 में कंपनी का कच्चे तेल का उत्पादन 2.70 करोड़ टन के निर्धारित लक्ष्य की तुलना में मामूली बढ़कर 2.72 करोड़ टन रहा है। कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार उसे गुजरात के सीबी-ओएनएन-2004.2 ब्लॉक में तेल एवं गैस का पता चला है। इस ब्लॉक में ओएनजीसी 50 प्रतिशत की हिस्सेदार है। शेष 40 प्रतिशत शेयर गुजरात राज्य पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और 10 प्रतिशत सनटेरा के पास हैं। यह ब्लॉक नई तेल उत्खनन लाइसेंसिंग नीति के तहत नीलामी के सातवें दौर में आवंटित किया गया था। वादताल.3 नामक इस कुएं में प्रतिदिन 22.5 घनमीटर की दर से तेल और प्रतिदिन 3758 घनमीटर गैस का बहाव देखा गया। तेल की गुणवत्ता काफी अच्छी थी। ओएनजीसी ने दूसरी खोज पश्चिमी अपतटीय क्षेत्र स्थित उत्तरी काडी क्षेत्र के लिंच एक्सटेंशन.एक पीएमएल में की है। कंपनी ने हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय को इसकी सूचना दे दी है। यह खोज 1600 मीटर की गहराई में हुई है। कंपनी ने कहा है कि परीक्षण के दौरान क्षेत्र में प्रतिदिन 17 घनमीटर की दर से तेल का बहाव देखा गया। कंपनी ने कहा कि समाप्त वित्तवर्ष में उसने कुल 24 नई खोज की। ताजा दो नई खोज में से एक इसमें शामिल नहीं है, क्योंकि यह अप्रैल में हुई। वर्ष के दौरान हुई 24 खोज में से 15 तटीय क्षेत्र में और नौ अपतटीय क्षेत्र में हैं। इनमें पांच खोज नई तेल उत्खनन लाइसेंसिंग नीति के तहत मिले ब्लॉक में हुई है। कंपनी की विज्ञप्ति के अनुसार समाप्त वित्तवर्ष 2010-11 में ओएनजीसी का कच्चे तेल का उत्पादन 2 करोड़ 72 लाख 72 हजार टन रहा है। यह वर्ष के लिए तय 2.70 करोड़ टन के लक्ष्य से कुछ अधिक है। कंपनी ने इस दौरान 25 अरब 32 करोड़ घनमीटर गैस का उत्पादन किया। यह भी उसके तय लक्ष्य से अधिक है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com