यह ख़बर 14 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'भविष्य की नौकरियां छीन रहे हैं चीन, भारत'

खास बातें

  • ओबामा ने अपने देश के विद्यार्थियों को आगाह करते हुए कहा है कि वे विज्ञान, गणित जैसे विषयों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें।
वाशिंगटन:

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक बार फिर अपने देश के विद्यार्थियों को भारत और चीन के छात्रों से आगाह करते हुए कहा है कि वे विज्ञान, गणित जैसे विषयों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। ओबामा ने अपने देश के छात्रों से कहा है कि वे विज्ञान, गणित और तकनीक पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करें क्योंकि इन विषयों में भारत और चीन के छात्र आगे हैं और भविष्य की नौकरियां छीन रहे हैं। उत्तरी कैरोलिना के डरहम में ओबामा ने कहा कि अमेरिकी कंपनियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सही प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं और यह देश के भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है । ओबामा ने कहा, वर्तमान में, अमेरिका में हर एक नौकरी के लिए, चार से भी ज्यादा लोग आ रहे हैं, लेकिन विज्ञान और उच्च तकनीक वाले क्षेत्र के लिए इसका उलटा हो रहा है। यहां के व्यापारिक प्रबंधन मुझे बता रहे हैं कि उन्हें अपने संस्थानों में नौकरियों के लिए दक्ष कर्मचारियों की तलाश में परेशानी आ रही है। ओबामा ने कहा कि स्नातक कर रहे सभी छात्रों में से केवल चार फीसदी स्टेम (विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित) विषयों में पंजीकरण कराते हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्रों में से एक तिहाई इन क्षेत्रों को छोड़ देते हैं और छह साल के समय में हर पांच में से केवल दो स्टेम डिग्री के साथ स्नातक होते हैं । राष्ट्रपति ने सावधान करते हुए कहा, ये भविष्य की नौकरियां हैं। ये वे नौकरियां हैं, जो चीन और भारत के लोग ले जा रहे हैं। उन छात्रों में भूख है क्योंकि वे समझते हैं कि अगर उनमें यह दक्षता आ जाएगी, तो वे नौकरियां तलाश सकते हैं, कंपनियां स्थापित कर सकते हैं, वे व्यापार संचालित करके धन कमा सकते हैं और हम ऐसे क्षेत्रों में पीछे जा रहे हैं, जिनके बारे में हमें पता है कि वे भविष्य के क्षेत्र हैं। उन्होंने कहा, हम इससे बेहतर कर सकते हैं। हमें इससे भी बेहतर करना ही होगा ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com