यह ख़बर 24 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

रेल किराया बढ़ाने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं : खड़गे

बेंगलुरु:

रेलमंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि रेल किराया बढ़ाने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। बेंगलुरु में रेल पहिया कारखाने का दौरा करने आए खड़गे ने संवाददाताओं को बताया, फिलहाल किराया बढ़ाने के लिए रेल मंत्रालय के समक्ष कोई प्रस्ताव नहीं है।

उन्होंने कहा कि यात्री किराया हर महीने ईंधन लागत के मुताबिक समायोजित किया जाएगा, लेकिन इस संबंध में फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। कर्नाटक की परियोजनाओं के संबंध में रेलमंत्री ने कहा कि रेलवे ने गुलबर्ग में एक प्रशासनिक कार्यालय खोलने का प्रस्ताव किया है। इसका उद्देश्य दक्षिण-मध्य रेलवे के रोलापुर उपमंडल को और मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में यादगीर में लिंक हाफमैन बुश (एलएलबी) कोच के कुछ कल-पुर्जे के निर्माण के लिए एक कारखाना लगाने का भी प्रस्ताव है। इस पर 750 करोड़ रुपये खर्च आएंगे। इस यूनिट में तैयार सामान रायबरेली, कपूरथला और पेरंबदूर कोच कारखानों में काम आएगा। इस बार के अनुपूरक बजट में इस इकाई के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 150 एकड़ जमीन देने की सहमति दी है। पूरी लागत रेलवे वहन करेगी। यह इकाई फरवरी तक चालू हो जाने की उम्मीद है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com