यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कैग को ऑडिट की अनुमति देने से इनकार किया

खास बातें

  • पेट्रोलियम मंत्रालय ने केजी डी6 फील्ड्स से प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़ाने की रिलायंस इंडस्ट्रीज की योजना को अंतिम मंजूरी नहीं दी, क्योंकि कंपनी ने कैग को खर्चों का अंकेक्षण करने की अनुमति देने से मना कर दिया।
नई दिल्ली:

पेट्रोलियम मंत्रालय ने प्रधानमंत्री कार्यालय को सूचित किया है कि उसने केजी डी6 फील्ड्स से प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़ाने की रिलायंस इंडस्ट्रीज की योजना को अंतिम मंजूरी इसलिए नहीं दी, क्योंकि कंपनी ने कैग को अपने खर्चों का अंकेक्षण करने की अनुमति देने से मना कर दिया।

पेट्रोलियम सचिव जीसी चतुर्वेदी ने 24 सितंबर को प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पुलक चटर्जी द्वारा बुलाई गई एक बैठक में बताया कि डीजीएच की अगुवाई वाली समिति रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा किए गए सभी विकास प्रस्तावों पर राजी हो गई।

हालांकि, कंपनी द्वारा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) को केजी डी6 ब्लॉक पर हुए खर्चों के दूसरे दौर का अंकेक्षण करने की अनुमति देने से इनकार करने के चलते इन प्रस्तावों पर निर्णय लंबित है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सूत्रों ने बताया कि यद्यपि केजी डी6 ब्लॉक की प्रबंधन समिति पिछले तीन साल से लंबित पूंजीगत खर्च योजनाओं को मंजूरी देने को अगस्त में सहमत हो गई थी, प्रस्ताव पर अभी हस्ताक्षर नहीं किया गया है। साथ ही, आरआईएल द्वारा खोजे गए कम से कम तीन भंडारों को भी अभी तक वाणिज्यिक घोषित नहीं किया गया है, जोकि वहां उत्पादन शुरू करने के लिए आवश्यक है।