खास बातें
- ICICI बैंक के शेयरों को हो रहा था नुकसान
- पिछले कुछ समय से लगातार जारी थी गिरावट
- एक्सिस बैंक की खबर के बाद बदली तस्वीर
नई दिल्ली: पिछले कुछ समय से लगातार गिर रहे ICICI बैंक के शेयरों आज तेजी दर्ज की गई. यह तेजी करीब 4 प्रतिशत की देखी गई. दोपहर 1.30 बजे के करीब बैंक के शेयरों में 3.74 प्रतिशत की तेजी रही. जानकारों की राय में यह तेजी कुछ कारणों की वजह से आई है.
बैंक में वीडियोकॉन ग्रुप से जुड़े कथित घोटाले के बाद से निवेश्कों को नुकसान हुआ और उनका विश्वास कुछ कम हो गया था लेकिन अब आरबीआई और वित्तमंत्रालय की सख्ती के बाद से निवेश्कों का विश्वास लौटा है और खरीदारी बढ़ गई है. बाजार से जुड़े लोगों का कहना है कि आरबीआई बैंक की प्रमुख चंदा कोचर को पद से हटने के लिए कह सकता है.
बता दें कि आरबीआई हाल ही में एक्सिस बैंक की प्रमुख शिखा शर्मा के कार्यकाल को बढ़ाए जाने पर चिंता व्यक्त कर चुका था. अब खबर आई है कि शिखा शर्मा का कार्यकाल इस साल के अंत में ही समाप्त कर दिया जाएगा. बैंक ने खुद यह जानकारी दी है. यह अलग बात है कि बैंक ने कहा है कि यह आग्रह खुद शिखा शर्मा ने किया था.
इसके अलावा बैंक के शेयरों में तेजी का कारण यह भी बताया जा रहा है कि बैंक की ओर से निवेश्कों के सवालों का जवाब बहुत तेजी से दिया जा रहा है. इससे भी निवेश्कों में विश्वास बना है. कहा जा रहा है कि बैंक की ओर से इतनी तेजी पहले देखने को नहीं मिली थी.
बता दें कि वीडियोकॉन के मामले के सामने आने के बाद से वित्तमंत्रालय ने हाल ही में कहा कि आरबीआई या फिर बैंक का बोर्ड इस पर कोई फैसला ले सकता है.