खास बातें
- सरसों एवं चना की कीमतों में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार इन दो जिंसों के वायदा कारोबार पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है।
नई दिल्ली: सरसों एवं चना की कीमतों में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार इन दो जिंसों के वायदा कारोबार पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हमें सरसों एवं चना के वायदा कारोबार पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव मिले हैं। हम उनकी समीक्षा कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘इन दो जिंसों की कीमतों में उतार.चढ़ाव पर हमारी पैनी नजर है. पिछले कुछ महीनों में इनकी कीमतों में जबरदस्त तेजी आई है।’ उल्लेखनीय है कि सरसों एवं चना में ज्यादातर वायदा कारोबार एनसीडीईएक्स में होता है। एसीई, एनएमसीई और एमसीएक्स में भी इन जिंसों का कारोबार होता है, लेकिन मात्रा बहुत कम है।
एनसीडीईएक्स के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल के अप्रैल अनुबंध के लिए चना की कीमतें 28 मार्च तक 67 प्रतिशत तक बढ़कर 3,989 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई जो पिछले साल के अप्रैल अनुबंध के लिए 2,382 रुपये प्रति क्विंटल थीं।