यह ख़बर 27 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मुखर्जी का सोने पर शुल्क वृद्धि वापस लेने से इनकार

खास बातें

  • केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मंगलवार को सोने पर शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव को वापस लेने से इनकार कर दिया और कहा कि सोने के आयात से विदेशी मुद्रा का काफी नुकसान होता है।
नई दिल्ली:

केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मंगलवार को सोने पर शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव को वापस लेने से इनकार कर दिया और कहा कि सोने के आयात से विदेशी मुद्रा का काफी नुकसान होता है।

मुखर्जी ने लोकसभा में आम बजट पर हुई बहस में हिस्सा लेते हुए हालांकि कहा कि वह दो लाख से अधिक मूल्य की सोने की खरीदारी के लिए आयकर परमानेंट एकाउंट नम्बर जमा करने की अनिवार्यता पर फिर से विचार कर सकते हैं।

वित्त मंत्री ने एक ऐसा फॉर्मूला बनाने का वादा किया जो छोटे आभूषण निर्माताओं को भी स्वीकार हो। उन्होंने कहा, "पैन कार्ड के सवाल को मैं समझ सकता हूं, लेकिन सोने और प्लैटिनम पर आयात शुल्क के सवाल पर बिल्कुल नहीं।"

मुखर्जी ने सोने में किए जाने वाले निवेश को मृत सम्पत्ति बताया और कहा कि वह सोना खरीदने की भारतीयों की चाहत को समझते हैं, लेकिन इसकी अधिक खरीददारी से देश के सामने समस्या पैदा हो रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

देश में 2011 में हाइड्रोकार्बन के बाद दूसरे सबसे अधिक 46 अरब डॉलर मूल्य के सोने का आयात किया। भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा आयातक है।