खास बातें
- देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 18,578.4 करोड़ रुपये की गिरावट आई।
Mumbai: देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 18,578.4 करोड़ रुपये की गिरावट आई। आईटी क्षेत्र की कंपनी इंफोसिस टेक्नोलॉजीज को इस दौरान सबसे ज्यादा घाटा हुआ। समाप्त सप्ताह के दौरान इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 13,673.15 करोड़ रुपये घटकर 1,71,598.96 करोड़ रुपये रह गया। इंफोसिस के बाद सबसे ज्यादा घाटे में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) रही। ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण सप्ताह के दौरान 2,138.87 करोड़ रुपये घटकर 2,44,643.95 करोड़ रुपये रह गया। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में भी 1,915 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 3,33,373.24 करोड़ रुपये रह गया। इसी तरह आईटी कंपनी टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 851.38 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 2,33,014.45 करोड़ रुपये रह गया। वहीं इस रुख के उलट एफएमसीजी क्षेत्र की कंपनी आईटीसी, दूरसंचार क्षेत्र की भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और कोल इंडिया के बाजार पूंजीकरण में इजाफा देखने को मिला। आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 5,648.81 करोड़ रुपये के इजाफे के साथ 1,48,107.23 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आलोच्य सप्ताह के दौरान भारती एयरटेल को 3,835.5 करोड़ रुपये का फायदा हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण 1,41,324.71 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर 1,926.59 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 1,78,006.75 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 1,26,537.17 करोड़ रुपये रहा। बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी को 1,401.73 करोड़ रुपये का फायदा हुआ और कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 1,52,829.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 536.89 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,25,146.65 करोड़ रुपये रहा। बीते सप्ताह बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 64.63 अंक घटकर 19,386.82 अंक रह गया।