यह ख़बर 24 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

8 शीर्ष कंपनियों का मार्केट कैप 35,000 करोड़ बढ़ा

खास बातें

  • पूंजीकरण के लिहाज से सबसे बड़ी 8 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 35,096.42 करोड़ रुपये बढ़ा। इस दौरान ओएनजीसी सबसे अधिक फायदे में रही।
Mumbai:

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे बड़ी 8 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बीते सप्ताह 35,096.42 करोड़ रुपये बढ़ा। इस दौरान ओएनजीसी सबसे अधिक फायदे में रही। आलोच्य सप्ताह में तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) का बाजार पूंजीकरण 15,613.75 करोड़ रुपये बढ़कर 2,60,257.7 करोड़ रुपये हो गया और वह शीर्ष 10 कंपनियों में सबसे अधिक लाभ में रही। इसी तरह, देश की सबसे अधिक मूल्य वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज आलोच्य सप्ताह में बाजार पूंजीकरण में वृद्धि के लिहाज से दूसरे नंबर पर रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 7054.39 करोड़ रुपये बढकर 3,40,427.63 करोड़ रुपये हो गया। बीएसई के गुरुवार के आंकड़ों के हिसाब से सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में 3,789.82 करोड़ रुपये बढ़कर 2,28,936.47 करोड़ रुपये हो गया। देश के दो सबसे बड़े बैंकों- एसबीआई तथा आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण कुल मिलाकर 5,455.23 करोड़ रुपये बढ़ा। एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 1,81,629.36 करोड़ रुपये तथा आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 1,28,369.79 करोड़ रुपये रहा। देश की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनी टाटा कंस्लटेंसी सर्विसेज का बाजार पूंजीकरण इस दौरान 215.29 करोड़ रुपये बढ़कर 2,33,229.74 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने चौथी तिमाही के वित्तीय परिणामों की घोषण बीते सप्ताह की। कंपनी ने 31.1 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2,623 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 1,278.05 करोड़ रुपये बढ़कर 1,54,107.65 करोड़ रुपये हो गया, जबकि दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 1,689.89 करोड़ रुपये बढ़कर 1,43,014.6 करोड़ रुपये हो गया। वहीं इंफोसिस टेक्नोलॉजीज तथा एफएमसीजी कंपनी आईटीसी का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में घटा। इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 4,567.28 करोड़ रुपये घटकर 1,67,031.68 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने चौथी तिमाही में 13.62 प्रतिशत वृद्धि के साथ 1,818 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जिसे बाजार विश्लेषकों के हिसाब से अपेक्षा से कम माना जा रहा है। आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 1,005.95 करोड़ रुपये घटकर 1,47,101.28 करोड़ रुपये रहा। आलोच्य सप्ताह में बीएसई का सेंसेक्स 19,602.23 अंक पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com