खास बातें
- देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 4 मार्च से 1 अप्रैल के बीच 1,08,488.41 करोड़ रुपये बढ़ा है।
Mumbai: देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 4 मार्च से 1 अप्रैल के बीच 1,08,488.41 करोड़ रुपये बढ़ा है। इस दौरान सबसे शानदार प्रदर्शन सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) का रहा। इस दौरान ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण 20,747.04 करोड़ रुपये बढ़कर 2,50,547.23 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 4 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान 17,528.9 करोड़ रुपये बढ़कर 3,38,892 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं आईटी क्षेत्र की दो कंपनियों- टीसीएस और इंफोसिस टेक्नोलॉजीज को कुल मिलाकर 17,759.28 करोड़ रुपये का फायदा हुआ। इस दौरान टीसीएस का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 2,30,881.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को कारोबार बंद होने के समय 1,84,769.73 करोड़ रुपये पर था। सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड का बाजार पूंजीकरण इस अवधि में 14,148.64 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,19,398.76 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं बिजली कंपनी एनटीपीसी के बाजार पूंजीकरण में 8,163.01 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह 1,55,756.74 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश के दो सबसे बड़े बैंकों भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर 11,151.45 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। एसबीआई का बाजार पूंजीकरण जहां 1,72,685.53 करोड़ रुपये पर तथा आईसीआईसीआई बैंक का 1,26,690.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एफएमसीजी क्षेत्र की कंपनी आईटीसी के बाजार पूंजीकरण में इस अवधि में 8,129.19 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1,41,375.09 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 10,860.9 करोड़ रुपये के इजाफे के साथ 1,34,944.87 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। मार्च के महीने में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 973.89 अंक या 5.27 प्रतिशत मजबूत हुआ।