यह ख़बर 30 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

इस साल सबसे लाभ में रहा एमसीएक्स का आईपीओ

खास बातें

  • बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच इस साल अब तक आए आईपीओ में सबसे सफल देश का जिंस बाजार एमसीएक्स का आईपीओ रहा।
नई दिल्ली:

बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच इस साल अब तक आए आईपीओ में सबसे सफल देश का जिंस बाजार एमसीएक्स का प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) रहा। कंपनी का शेयर कारोबार के पहले दिन 26 प्रतिशत की तेजी के साथ सूचीबद्ध हुआ था।

वर्ष 2012 में पांच कंपनियों ने शेयर बाजार में कदम रखा। इसमें एमसीएक्स तथा एजुकेशन सर्विसेज कंपनी एमटी एजुकेयर कारोबार के पहले दिन लाभ के साथ बंद हुए।

वहीं दूसरी तरफ रियल्टी कंपनी नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनबीसीसी), आभूषण बनाने वाली खुदरा कंपनी त्रिभुवनदास भीमजी जावेरी तथा ग्रीटिंग कार्ड बनाने वाली ओलिंपिक्स कार्ड कारोबार के पहले दिन अपने निर्गम मूल्य से कम भाव पर बिके।

बाजार की नरम स्थिति के मद्देनजर इस साल आईपीओ बाजार सफल नहीं रहा और कई इकाइयों की निवेश की खराब स्थिति को देखते हुए आईपीओ लाने की योजना टाल दी।

विशेषज्ञों के अनुसार बाजार स्थिति के अलावा आईपीओ का प्रदर्शन क्रडिट रेटिंग्स के साथ-साथ संबंधित कंपनी की मजबूती पर निर्भर करता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

9 मार्च को सूचीबद्ध मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज का शेयर बीएसई में निर्गम मूल्य 1,032 के मुकाबले 34 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,387 रुपये पर खुला। हालांकि शेयर शुरुआती तेजी को बरकरार नहीं रख सका और यह 26 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,297.05 पर बंद हुआ। बहरहाल, एमसीएक्स का शेयर निर्गम मूल्य से नीचे है और बंबई शेयर बाजार (बीएसई) में कल यह 893 पर बंद हुआ।