यह ख़बर 14 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बेहतर आंकड़ों के बीच शेयर बाजारों में रही तेजी

खास बातें

  • औद्योगिक उत्पादन के बेहतर आंकड़े और नकारात्मक खाद्य महंगाई दर के बीच देश के शेयर बाजारों में इस सप्ताह तेजी दर्ज की गई।
मुम्बई:

औद्योगिक उत्पादन के बेहतर आंकड़े और नकारात्मक खाद्य महंगाई दर के बीच देश के शेयर बाजारों में इस सप्ताह तेजी दर्ज की गई।

आर्थिक मोर्चे पर बेहतर आंकड़ों के कारण यह आस जगी है कि भारतीय रिजर्व बैंक 24 जनवरी की मौद्रिक समीक्षा में मुख्य नीतिगत दरों में कटौती कर सकता है।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 1.93 फीसदी या 305.82 अंकों की तेजी के साथ शुक्रवार को 16,154.62 पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी इस सप्ताह 2.35 फीसदी या 111.9 अंकों की तेजी के साथ शुक्रवार को 4,866.00 पर बंद हुआ।

दोनों सूचकांकों में यह लगातार दूसरी साप्ताहिक तेजी है।

बीएसई 500 सूचकांक में इस सप्ताह 3.44 फीसदी, बीएसई मिडकैप में 5.37 फीसदी जबकि बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 7.12 फीसदी की तेजी रही।

कोटक सेक्योरिटीज के उपाध्यक्ष संजीव जरबाड़े ने कहा, "सेंसेक्स में हालांकि बहुत अधिक तेजी नहीं रही, लेकिन मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में काफी अधिक तेजी रही। इस सप्ताह पूंजीगत वस्तु, ढांचागत संरचना और बिजली क्षेत्रों में दूसरे क्षेत्रों से अधिक तेजी रही।"

एशिया के अन्य शेयर बाजारों में भी इस सप्ताह तेजी देखी गई। जापान का निक्के ई 1.31 फीसदी तेजी के साथ 8,500.02 पर, चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 3.75 फीसदी तेजी के साथ 2,244.58 पर तथा हांगकांग का हैंग सैंग 3.29 फीसदी तेजी के साथ 19,204.42 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों का रुख मिला-जुला रहा।

ब्रिटेन का फुट्सी100 0.23 फीसदी गिरावट के साथ 5,636.64 पर, जर्मनी का डैक्स 1.41 फीसदी तेजी के साथ 6,143.08 पर तथा फ्रांस का सीएसी40 1.88 फीसदी तेजी के साथ 3,196.49 पर बंद हुआ।

अमेरिकी बाजारों में लगातार दूसरे सप्ताह तेजी रही। प्रमुख सूचकांक 12 जनवरी को पांच महीने के ऊपरी स्तर पर पहुंच गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आलोच्य सप्ताह में डाऊ जोंस 0.5 फीसदी तेजी के साथ 12,422.06 पर, एसएंडपी500 0.88 फीसदी तेजी के साथ 1,289.09 पर और नैस्डैक 1.36 फीसदी तेजी के साथ 2,710.67 पर बंद हुए।