यह ख़बर 24 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स में 4.56 फीसदी गिरावट

खास बातें

  • वैश्विक उतार-चढ़ाव के बीच देश के शेयर बाजारों में इस सप्ताह लगभग पांच फीसदी की गिरावट देखी गई।
मुम्बई:

वैश्विक उतार-चढ़ाव के बीच देश के शेयर बाजारों में इस सप्ताह लगभग पांच फीसदी की गिरावट देखी गई। अमेरिका के फेडरल रिजर्व के प्रमुख के यह कहने पर कि दुनिया को एक बार फिर से मंदी का सामना करना पड़ सकता है दुनिया भर के शेयर बाजारों में इस सप्ताह गिरावट देखी गई। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज  (बीएसई) का 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में साप्ताहिक कारोबार में 4.56 फीसदी या 771.77 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को सेंसेक्स 1.22 फीसदी गिरावट के साथ 16,162.06 अंक पर बंद हुआ। पिछले चार सप्ताहों में सेंसेक्स की यह पहली गिरावट है। सोमवार को सेंसेक्स में गिरावट देखी गई। मंगलवार को इसमें तेजी आई और बुधवार को मामूली गिरावट आई। गुरुवार को सेंसेक्स में  4.13 फीसदी या 704 अंकों की भारी गिरावट आई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख द्वारा अमेरिकी और वैश्विक अर्थव्यवस्था के एक बार फिर से मंदी के शिकार हो जाने की सम्भावना जताने के बाद गुरुवार को सेंसेक्स में दो सालों की सबसे बड़ी गिरावट आई। शुक्रवार को भी दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट जारी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक निफ्टी में भी इस सप्ताह लगभग पांच फीसदी की गिरावट रही। निफ्टी में गुरुवार को 4.08 फीसदी की गिरावट रही। शुक्रवार को निफ्टी 1.14 फीसदी गिरावट के साथ 4,867.75 पर बंद हुआ। पूंजी बाजार शोध कम्पनी सीएनआई रिसर्च लिमिटेड के अध्यक्ष और महाप्रबंधक किशोर पी. ओस्टवाल ने कहा, "निफ्टी का रुझान नकारात्मक है। इसे 4,700 अंक पर समर्थन मिल सकता है। यदि यह स्तर टूट गया, तो हमें 4,300 के लिए भी तैयार रहना चाहिए।" उन्होंने कहा कि ऊपर की ओर इसे 5,170 पर प्रतिरोध का सामना करना पड़ सकता है। यदि यह इसको पार करता है तो निफ्टी 5,500 तक पहुंच सकता है। शुक्रवार को सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले प्रमुख शेयरों में रहे टाटा मोटर्स (4.81 फीसदी), एचडीएफसी बैंक (3.1 फीसदी), एलएंडटी (2.7 फीसदी), हीरो मोटोकॉर्प (2.45 फीसदी)। जिन शेयरों में तेजी रही उनमें प्रमुख रहे सिप्ला (2.09 फीसदी), एसबीआई (1.03 फीसदी), भारती एयरटेल (0.77 फीसदी), सन फार्मा (0.59 फीसदी)। एशिया के प्रमुख बाजारों में हांगकांग का हैंग सैंग शुक्रवार को 1.36 फीसदी की गिरावट के साथ 17,668.83 पर बंद हुआ। गुरुवार को इसमें लगभग पांच फीसद की गिरावट आई थी। चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स शुक्रवार को 0.41 फीसदी की गिरावट के साथ 2,433.16 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को इसमें लगभग तीन फीसदी की गिरावट आई थी। जापान को निक्के ई गुरुवार को 2.07 फीसदी की गिरावट के साथ 8,560.26 पर बंद हुआ। शुक्रवार को निक्के ई अवकाश का दिन होने के कारण बंद था। अमेरिकी और यूरोपीय शेयर बाजारों में भी बुधवार और गुरुवार को गिरावट रही। अमेरिकी शेयर बाजारों में 2008 के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट देखी गई। इस सप्ताह डाऊजोंस में 6.4 फीसदी और एसएंडपी में 6.5 फीसदी की गिरावट रही। शुक्रवार को हालांकि इनमें तेजी देखी गई। शुक्रवार को ब्रिटेन का फुटसी100 0.50 फीसदी तेजी के साथ 5,066.81 पर, जर्मनी का डैक्स 0.63फीसदी तेजी के साथ 5,196.56 पर और फ्रांस का सीएसी40 1.02 फीसदी तेजी के साथ 2,810.11 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com