खास बातें
- प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद सामान्य मानसून के पूर्वानुमान के कारण 215 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ।
मुम्बई: देश के शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद सामान्य मानसून के पूर्वानुमान के कारण 215 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। सप्ताह के पहले दिन तेज गिरावट दर्ज करने के बाद बुधवार को शेयर बाजारों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग द्वारा इस साल देश में मानसून सामान्य रहने के पूर्वानुमान की घोषणा के चलते बाजार में यह उछाल दर्ज किया गया। जानकारों का कहना है कि मानसून सामान्य रहने पर अर्थव्यवस्था की विकास दर मजबूत रहेगी और महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में सप्ताह के पहले दिन 295 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी लेकिन बुधवार को इसमें 350 अंक की बढ़त दर्ज की गई। इस सप्ताह सेंसेक्स 215.41 अंक (1.11 प्रतिशत) बढ़कर 19,602.23 अंक पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 19,386.82 अंक पर बंद हुआ था। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन गुरुवार को इसमें 131.25 अंक की बढ़त दर्ज की गई थी। गुड फ्राइडे के अवसर पर शुक्रवार को बाजार बंद रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी इस सप्ताह 0.56 प्रतिशत बढ़कर 5,884.7 अंक पर बंद हुआ। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बीएसई में धातु, ऊर्जा और रियल्टी क्षेत्र के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स में मारुति सुजुकी (3.22 प्रतिशत), ओएनजीसी (3.01 प्रतिशत), हिंडाल्को (2.92 प्रतिशत) और एचडीएफसी (2.57 प्रतिशत) सबसे ज्यादा बढ़कर बंद हुए। वहीं आय में कमी के चलते सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के शेयरों में गुरुवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स में बीएचईएल (4.38 प्रतिशत), टीसीएस (2.23 प्रतिशत), भारती एयरटेल (1.01 प्रतिशत) और बजाज ऑटो (0.72 प्रतिशत) गिरकर बंद हुए। वैश्विक बाजारों में इस सप्ताह मिला-जुला रुख रहा। जापान का निक्केई सूचकांक 0.04 प्रतिशत गिरकर 9,682.21 अंक पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.53 प्रतिशत गिरकर 3,010.52 अंक पर बंद हुआ। वहीं, फ्रांस का सीएसी 40 सूचकांक 0.43 प्रतिशत बढ़कर, जर्मनी का डैक्स 0.64 प्रतिशत बढ़कर और ब्रिटेन का एफटीएसई सूचकांक 0.07 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ।