खास बातें
- 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 177.66 अंक की तेजी के साथ 19,120.80 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार छठा सत्र है जब सेंसेक्स में तेजी दर्ज की गई है।
मुंबई: बंबई शेयर बाजार में लगातार छठे दिन तेजी दर्ज की गई। कच्चे तेल की कीमत घटने के बाद मुद्रास्फीति को लेकर आशंका कम होने तथा संस्थागत निवेशकों की ओर से पूंजी प्रवाह बढ़ने से बंबई शेयर बाजार का सूचकांक 178 अंक चढ़कर 19,000 के स्तर को पार कर गया। नौ सप्ताह के बाद सेंसेक्स 19,000 अंक पर पहुंचा है। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 177.66 अंक की तेजी के साथ 19,120.80 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार छठा सत्र है जब सेंसेक्स में तेजी दर्ज की गई है। पिछले पांच सत्रों में इसमें 1,100 अंक की तेजी दर्ज की गई है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 49.10 अंक चढ़कर 5,736.35 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 5,770.35 अंक तक चला गया था। लीबिया में विद्रोहियों के मुअम्मर गद्दाफी के जन्म स्थान तक पहुंचने की खबर से न्यूयार्क में कच्चे तेल कीमत नीचे आई है। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि मसले का जल्दी हल निकल आएगा। कच्चे तेल की कीमत 0.8 प्रतिशत घटकर 103.18 डालर प्रति बैरल हो गई। कारोबारियों के मुताबिक तेल की कीमत में लगातार चौथे दिन गिरावट से मुद्रास्फीति को लेकर आशंका कम हुई है। इससे बाजार धारणा पर असर पड़ा है। सर्वाधिक वृद्धि वाहन सूचकांक में दर्ज की गई। इस खंड में मारूति सुजुकी (3.12 प्रतिशत), टाटा मोटर्स (1.55 प्रतिशत), हीरो होंडा मोटर्स (3.02 प्रतिशत) के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद सबसे अधिक भारांश रखने वाली इंफोसिस टेक्नोलॉजीज का शेयर 32.50 प्रतिशत चढ़कर 3,172.05 रुपये पर बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश से बाजार में तेजी आई है। पूंजी प्रवाह इतना अधिक रहा कि एशियाई और यूरोपीय बाजारों के कमजोर रुख के की खबरों के बावजूद स्थानीय शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक ऊपर बने रहे।