यह ख़बर 13 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

महंगाई, मौद्रिक नीति से तय होगी बाजार की चाल

खास बातें

  • मुद्रास्फीति के आंकड़े, रिजर्व बैंक की मध्य तिमाही समीक्षा तथा कंपनियों द्वारा जमा कराए जाने वाले अग्रिम कर के आंकड़े बाजार का मूड तय करेंगे।
नई दिल्ली:

मुद्रास्फीति के मासिक आंकड़े, भारतीय रिजर्व बैंक की मध्य तिमाही समीक्षा तथा कंपनियों द्वारा जमा कराए जाने वाले अग्रिम कर के आंकड़े अब आने वाले सप्ताह में बाजार का मूड तय करेंगे। जापान में शुक्रवार को आए जबर्दस्त भूकंप से निवेशक पहले ही सतर्क हो चुके हैं। पिछले सप्ताह द्रमुक और कांग्रेस के बीच के राजनीतिक घटनाक्रम, जापान से अमेरिका को गए खराब आर्थिक संकेत और लीबिया में हिंसा में आई तेजी के मद्देनजर सेंसेक्स में 312.36 अंक अथवा 1.68 प्रतिशत की गिरावट आई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स गत 11 मार्च को समाप्त सप्ताह में 18,361.65 अंक पर खुला तथा 18,583.30 अंक और 18,058.71 अंक के दायरे में घूमने के बाद अंत में 312.36 अंकों की गिरावट के साथ सप्ताहांत 18,174.09 अंक पर बंद हुआ। 50 शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 93.30 अंक अथवा 1.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,445.45 अंक पर बंद हुआ। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि जापान में आए विनाशकारी भूकंप और सुनामी जिससे जानमाल का भारी नुकसान हुआ, का अगले सप्ताह भारतीय बाजार पर तत्काल कोई असर दिखने की संभावना नहीं है, लेकिन सप्ताह की समाप्ति में ज्यों-ज्यों इस विनाशकारी तूफान का असर सामने आने लगेगा बाजार पर उसकी प्रतिक्रिया हो सकती है। जियोजित पारीबा फाइनेंशल सर्विसेज के शोध प्रमुख एलेक्स मैथ्यू ने कहा, 'आगामी सप्ताह भारत के शेयर बाजार पर जापान में हुई विनाशलीला की घटना का तत्काल कोई असर नहीं होगा न ही इसका असर जापान में कारोबार करने वाली कंपनियों पर कोई होगा लेकिन सप्ताह के उत्तरार्द्ध में इन कंपनियों द्वारा नुकसान के अनुमान व्यक्त किए जाने से बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com