खास बातें
- शिवशंकरन ने मारन बंधुओं की ओर से धमकी मिलने की बात साबित करने के लिए एजेंसी को 10 गवाहों की सूची सौंपी है।
नई दिल्ली: एयरसेल कंपनी के पूर्व प्रमुख सी. शिवशंकरन ने सीबीआई से कहा कि पूर्व संचार मंत्री दयानिधि मारन और उनके भाई कलानिधि ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर अपनी कंपनी को मलेशिया के एक उद्योगपति को बेचने के लिए मजबूर किया था। हालांकि द्रमुक नेता मारन ने इस आरोप को खारिज कर दिया। सीबीआई के सूत्रों ने कहा कि शिवशंकरन ने मारन बंधुओं की ओर से धमकी मिलने की बात साबित करने के लिए एजेंसी को 10 गवाहों की सूची सौंपी है जिनमें से अधिकतर विदेश में हैं। शिवशंकरन की ओर से सौंपी गई सूची में कुछ बैंकरों, वेंचर कैपिटलिस्ट और वकीलों के नाम हैं जिनकी पड़ताल सीबीआई संचार मंत्री के तौर पर दयानिधि मारन के कार्यकाल के दौरान लाइसेंस देने में कथित अनियमितता की जांच के दौरान करेगी। सूत्रों के अनुसार शिवशंकरन ने अपने बयान में आरोप लगाया कि सन टीवी के मालिक कलानिधि मारन ने उन्हें एयरसेल को मलेशिया की मैक्सिस के प्रमुख टी. आनंदकृष्णन को बेचने की धमकी दी थी जो उनके करीबी समझे जाते हैं। मैक्सिस ने पहले एक बयान जारी करके दावा किया था कि एयरसेल में उसका निवेश पूरी तरह भारतीय कानूनों के अनुरूप है और उन्होंने जरूरी प्राधिकारों की मंजूरी ली थी। दयानिधि मारन ने शिवशंकरन के आरोपों को खारिज कर दिया है।