यह ख़बर 13 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ब्रिक्स देश आपसी मेल और बढ़ाएं : मनमोहन

खास बातें

  • प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि ब्रिक्स देशों को आपसी हित और सरोकार के प्रमुख मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए मेल बढ़ाना चाहिए।
बीजिंग:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि ब्रिक्स देशों को आपसी हित और सरोकार के प्रमुख मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए मेल बढ़ाना चाहिए और इसके लिए अपनी पूरी ताकत को एकजुट करना चाहिए। सिंह ने चीन की शिन्हुआ संवाद समिति से कहा कि ब्रिक्स देशों को अपनी विशाल संभावनाओं को इकट्ठा करना चाहिए, ताकि विश्व अर्थव्यवस्था, लोकतांत्रिक एवं समानता आधारित दुनिया तथा वैश्विक व्यवस्था के संचालन में सुधार जैसे मुद्दों पर बेहतर समन्वय किया जा सके। ब्रिक्स के सदस्य देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन तथा दक्षिण अफ्रीका हैं। सिंह ने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग का उद्देश्य अपनी जनता की आर्थिक स्थिति में सुधार होना चाहिए। उन्होंने कहा, उदाहरण के लिए हम बड़े शहरों के प्रबंध पर अपने अनुभव अपास में बांट सकते हैं। हमें अपने नागरिक संगठनों, मीडिया, उद्योग जगत, स्कॉलर तथा युवा जगत के बीच बातचीत तथा आदान-प्रदान बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चूंकि ब्रिक्स के सभी सदस्य देश इस समय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सदस्य हैं, इसलिए उन्हें हमारे लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय संवाद को आकार तथा दिशा देनी चाहिए। उन्होंने ब्रिक्स में दक्षिण अफ्रीका के जुड़ने का स्वागत किया और कहा कि इससे जहां ब्रिक्स और मजबूत होगा, वहीं आज के ज्वलंत मुद्दों में अफ्रीकी दृष्टिकोण भी आएगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com