यह ख़बर 21 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

माल्या ने अब तक पुनर्गठन योजना नहीं सौंपी है : अजित सिंह

खास बातें

  • सरकार ने गुरुवार को कहा कि किंगफिशर एयरलाइंस ने परिचालन शुरू करने के लिए अब तक पुनर्गठन योजना की घोषणा नहीं की है। कंपनी के कर्मचारी भी वेतन नहीं मिलने से खिन्न हैं।
नई दिल्ली:

सरकार ने गुरुवार को कहा कि किंगफिशर एयरलाइंस ने परिचालन शुरू करने के लिए अब तक पुनर्गठन योजना की घोषणा नहीं की है। कंपनी के कर्मचारी भी वेतन नहीं मिलने से खिन्न हैं।

नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘उन्हें डीजीसीए को यह संतुष्ट करना है कि वे सुरक्षित और भरोमंद सेवा चला सकती है। उन्हें ऐसी योजना सौंपनी है जो वित्तीय दृष्टि से व्यवहारिक हो। उन्होंने (विजय माल्या) अबतक योजना नहीं सौंपी है।’’

सिंह ने कहा कि वेतन का भुगतान नहीं होने से कर्मचारी खिन्न है। कई कर्मचारी पहले ही कंपनी छोड़ चुके हैं।

इस बीच, कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि वे माल्या की टीम रायल चैलेंजर बेंगलूर (आरसीबी) के मैचों को बाधित करेंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार मामले में हस्तक्षेप करेगी, मंत्री ने कहा, ‘‘सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है।’’ कर्मचारियों तथा अन्य संबंधित पक्षों का बकाया देने में विफल रहने को लेकर विमानन कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। कंपनी के पास परमिट के नवीनीकरण तथा कामकाज फिर से शुरू करने के लिये दो साल का समय है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

विजय माल्या के स्वामित्व वाली कंपनी का परिचालन पिछले साल अक्तूबर से बंद है।