यह ख़बर 10 अप्रैल, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई को छोड़ देशभर से ‘दुकान’ समेटेगी लूप टेलीकॉम

खास बातें

  • लूप टेलीकॉम ने मुंबई को छोड़ देश के बाकी हिस्सों में अपना कारोबार बंद करने की घोषणा की है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि इस फैसले से उसका मुंबई सर्किल प्रभावित नहीं होगा, जहां उसकी सहायक इकाई लूप मोबाइल सेवाएं दे रही है।
नई दिल्ली:

लूप टेलीकॉम ने मुंबई को छोड़ देश के बाकी हिस्सों में अपना कारोबार बंद करने की घोषणा की है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि इस फैसले से उसका मुंबई सर्किल प्रभावित नहीं होगा, जहां उसकी सहायक इकाई लूप मोबाइल सेवाएं दे रही है।

उच्चतम न्यायालय द्वारा 2जी मोबाइल सेवाओं के 122 लाइसेंस रद्द करने से फैसले से लूप टेलीकॉम भी प्रभावित हुई है।

लूप टेलीकाम के एक प्रवक्ता ने कहा, 'हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। कंपनी अपने ग्राहकों को मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी के जरिये दूसरी नेटवर्क पर जाने संबंधी सलाह का विज्ञापन पहले ही अखबारों में दे चुकी है।'

इस फैसले से मुंबई को छोड़कर 13 सर्किलों में कंपनी के 6,000 उपभोक्ता प्रभावित होंगे। मुंबई में लूप मोबाइल सेवाएं दे रही है और वहां उसके ग्राहकों की संख्या 30 लाख से अधिक है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘इससे हमारा मुंबई परिचालन प्रभावित नहीं होगा। वहां लूप मोबाइल के पास अलग लाइसेंस है। मुंबई में परिचालन जारी रहेगा और वहां के उपभोक्ता प्रभावित नहीं होंगे।’

कंपनी ने अपने कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने संबंधी नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रवक्ता ने कहा, 'हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। सभी कमर्चारियों को अवगत करा दिया गया है। हमें उन्हें औपचारिक नोटिस शीघ्र ही जारी कर देंगे।' कंपनी से सीधे जुड़े कर्मचारियों की संख्या 150 है।

लूप टेलीकाम के पास 21 सर्किलों में 2जी लाइसेंस है। हालांकि उसने सिर्फ 13 सर्किलों में परिचालन शुरू किया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दूरसंचार नियामक ट्राई के आंकड़ों के अनुसार, फरवरी, 2012 के अंत तक कोलकाता में उसके ग्राहकों की संख्या सबसे ज्यादा 2,300 से अधिक है। वहीं ओड़िशा में उसके उपभोक्ताओं की संख्या 965 थी।